प्रेस रिव्यूः मोदी सरकार मुग़लों की तरह व्यवहार कर रही है

इमेज स्रोत, AFP
अख़बारों में एक बीएसएफ़ क्लर्क के फ़ेसबुक पर डाले गए एक वीडियो की ख़बर है जिसमें उसने आरोप लगाया गया है कि कर्मचारियों के लिए दी गई शराब को बाहर बेचा जा रहा है.
हिन्दुस्तान टाइम्स ने लिखा है कि ये कर्मचारी बीकानेर का रहनेवाला है जिसने 26 जनवरी को गुजरात के कच्छ में बीएसएफ़ की 150वीं बटालियन से इस वीडियो को अपलोड किया. अख़बार के अनुसार इस वीडियो के वायरल होने के बाद बीएसएफ़ अधिकारियों ने कहा कि इस शिकायत की जाँच करवाई जाएगी.
सुंदर पिचाई की चिन्ता

इमेज स्रोत, AFP
कई अख़बारों में गूगल के भारत में जन्मे सीईओ सुंदर पिचाई के अमरीकी राष्ट्रपति ट्रंप के इमिग्रेशन ऑर्डर की आलोचना करने की ख़बर को प्रमुखता से छापा गया है.
इंडियन एक्सप्रेस ने वॉल स्ट्रीट जर्नल के हवाले से लिखा है कि सुंदर पिचाई ने अपने कर्मचारियों को ई-मेल भेजा है. सात देशों के कर्मचारियों के अमरीका आने पर रोक लगाने के इस क़दम से गूगल के 187 कर्मचारियों पर असर पड़ेगा.
अख़बार के अनुसार पिचाई ने कहा है कि इससे अच्छी प्रतिभाओं के अमरीका आने की राह में बाधाएँ पैदा होंगी. इसके बाद गूगल ने अपने उन सभी कर्मचारियों को अमरीका वापस बुला लिया है जो विदेश यात्राओं पर बाहर थे.
'स्वदेस' वाली महिला से पूछताछ

इमेज स्रोत, UTV
वहीं हिंदू में अमरीका से एक ख़बर है कि वहाँ मेरीलैंड में एक भारतीय-अमरीकी महिला को पुलिस ने रोककर पूछताछ की और जानना चाहा कि क्या वो अमरीका में ग़ैर-क़ानूनी तरीक़े से रह रही है.
अख़बार के अनुसार शाहरुख़ ख़ान की फ़िल्म 'स्वदेस' इसी महिला और उसके पति की ज़िंदगी से प्रेरित होकर बनाई गई थी. अरविन्दा पिल्ललामारी का जन्म भारत में हुआ था और वो काफ़ी कम उम्र में अपने माता-पिता के साथ अमरीका चली गई थीं.
'सरकार का बर्ताव मुग़लों जैसा'

इमेज स्रोत, PTI
टाइम्स ऑफ़ इंडिया ने महाराष्ट्र में शिवसेना के मुखपत्र सामना के एक लेख की ख़बर दी है जिसमें पार्टी ने हिंदुत्व की बड़ी सोच को आराम से भुला देने के लिए बीजेपी की आलोचना की है.
अख़बार के अनुसार ये टिप्पणी शिवसेना के बीजेपी से 20 साल पुराने चुनावी गठबंधन को तोड़ लेने के दो दिन बाद आई है. सामना के इस लेख में लिखा है कि अभी की सरकार मुग़लों की तरह व्यवहार कर रही है, वो अपने ही देवताओं पर हमले कर रही है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए यहां क्लिक करें. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)





















