सात दांतों के साथ जन्मा बच्चा, सुना है कभी!

जन्म के समय बच्चे के मुंह में 7 दांत
प्रकाशित

क्या कभी आपने दांत के साथ जन्म लिए बच्चे के बारे में सुना है? यह बच्चा केवल एक महीने का है और हैरान करने वाली बात तो यह है कि इसके मुंह में 7 दांत थे.

मामला गुजरात के अहमदाबाद का है. यह तब सामने आया जब इस बच्चे को दूध पिलाने में समस्या हो रही थी और उसे डॉक्टर के पास ले जाया गया. बच्चे की जांच के बाद ऑपरेशन कर सभी 7 दांतों को निकाल दिया गया.

बीबीसी संवाददाता सुशीला सिंह से बातचीत में इस ऑपरेशन को करने वाले डॉक्टर मीत रामात्री ने बताया कि बच्चे के सभी दांत हिल रहे थे इसलिए उन्हें निकालना ज़रूरी था.

जन्म के समय बच्चे के मुंह में 7 दांत

डॉक्टर रामात्री ने बताया, "शिकायत थी कि बच्चे को दूध पिलाने में परेशानी हो रही है. उसे शिशु रोग विशेषज्ञ के पास रेफर किया गया था. उसके मुंह में कुछ सफ़ेद दांत दिखे. हमारे पास उसे रेफर किया गया. मुझे उसके मुंह में सात दांत दिखे. पैरेलाइटिक्स एक्सपर्ट से राय ली गई. ये ज़रूरी है क्योंकि अगर बच्चा इन हिल रहे दांतों को निगल जाता और वो उसकी सांस नली में पहुंच जाते जो उसके लिए घातक हो सकता था."

उन्होंने कहा, "भारत ही नहीं समूचे एशिया में ये ऐसा पहला मामला है. मेडिकल जर्नल के अनुसार, एशिया में कभी सात दांत वाले बच्चे का जिक्र नहीं किया गया है."

7 दांतों वाला बच्चा

दो बार में निकाले गए दांत

डॉक्टर ने बताया कि बच्चे के दांत दो बार में निकाले गए. उन्होंने कहा, "हमने अपनी प्रक्रिया शुरू की जिसमें पहली बार में चार दांत निकाले गए जबकि दूसरी बार बाकी के तीन हटा दिए गए. बेहोशी की दवा को नियंत्रित रखने के लिए दो बार में ऑपरेशन किया गया."

डॉक्टर ने बीबीसी को बताया कि जन्म के समय ही बच्चे को दांत थे हालांकि उसके मां-बाप को इसका इल्म नहीं था. जन्म के समय ये दांत उसके मसूड़े में थे जिसकी वजह से कुछ दिनों के बाद इसका पता चला.

जन्म के समय बच्चे के मुंह में सात दांत

आम नहीं है जन्म के समय दांत का होना

मेडिकल साइंस के मुताबिक जन्म के समय बच्चे के मुंह में दांत का होना तो सामान्य बात है, लेकिन आम नहीं है.

डॉक्टर ने कहा, "मेडिकल साइंस के अनुसार दांत दो तरह के होते हैं. नेटल और नियो नेटल. जन्म के समय मौजूद दांत के नेटल कहते हैं. जबकि जन्म के बाद आने वाले दांत को नियो नेटल कहते हैं. कई बार बच्चों के मुंह में एक या दो दांत होते हैं. हालांकि यह सामान्य है लेकिन आम नहीं."

उन्होंने कहा, "ऐसे मामलों में जिनमें बच्चों में नेटल या नियो नेटल दांत होते हैं तो हम उसे निकाल देने की सलाह देते हैं क्योंकि वो काफ़ी मुलायम होते हैं और कुछ भी निगलने के दौरान उनके सांस की नली में जाने का ख़तरा रहता है."

साथ ही उन्होने कहा कि जैसे प्रत्येक बच्चे के दांतों की नियमित जांच करवानी चाहिए, इसी प्रकार इस बच्चे को भी प्रत्येक छह महीने पर जांच करवानी होगी.

गुजरात के अहमदाबाद में जन्मा सात दांतों वाला बच्चा

मुंह में कब आते हैं दांत

डॉक्टर से जब पूछा गया कि जन्म के बाद बच्चे के मुंह में दांत कब आते हैं तो उन्होंने कहा कि दांत तो गर्भावस्था के दौरान ही बनने शुरू हो जाते हैं.

जन्म के समय बच्चे के मुंह में थे 7 दांत

दूध के दांत नहीं आएंगे

डॉक्टर ने बताया कि बच्चे के दूध के दांत नहीं आएंगे.

उन्होंने कहा, "जिस कोशिका में दांत बनते हैं वो जल्दी बन गई हो तो संभवतः उसके दूध के दांत नहीं आएंगे."

हालांकि बाद में उसके दांत आएंगे या नहीं इस पर उनका कहना था कि अभी इस बारे में कहना जल्दबाज़ी होगी, जैसे-जैसे बच्चा बड़ा होगा, उसकी जांच की जाएगी.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)