प्रेस रिव्यू: हिंदू नेता की गोली मार कर हत्या

इमेज स्रोत, Getty Images
इंडियन एक्सप्रेस की ख़बर के अनुसार, अमृतसर में हिंदू संघर्ष सेना के नेता विपिन शर्मा की सोमवार को दिन दहाड़े गोली मार कर हत्या कर दी गई.
अख़बार के अनुसार, दिन में क़रीब दो बजे विपन पर 14 गोलियां चलाई गईं. पुलिस के अनुसार, घटना सीसीटीवी में कैद हुई है जिसमें एक व्यक्ति का चेहरा साफ़ दिख रहा है. हिंदू संगठनों ने मंगलवार को अमृतसर बंद करने का आह्वान किया है.
इंडियन एक्सप्रेस की ही एक ख़बर के अनुसार, भारत में 2013 से 2016 के बीच टीबी के मामलों में 37 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी हुई है. विश्व स्वास्थ्य संगठन की एक नई रिपोर्ट के मुताबिक, 2016 में भारत में टीबी के 28 लाख मामले दर्ज किए गए. इस बीमारी से मरने वालों की संख्या 4.35 लाख रही.
हिंदुस्तान टाइम्स की एक ख़बर के अनुसार, मेघालय में आधार कार्ड धारकों ने आधार कार्ड छोड़ने का अभियान शुरू किया है. मेघालय पीपुल्स कमेटी ऑन आधार (एमपीसीए) ने सोमवार को अभियान की आधाकारिक शुरुआत की.
अभियान के तहत आधार कार्ड धारक यूनिक आइडेंटिफ़िकेशन अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया को पत्र लिखकर अपनी जानकरियों को हटाने की मांग करेंगे.

इमेज स्रोत, Getty Images
अख़बार के अनुसार, आधार कार्ड को लेकर सुप्रीम कोर्ट पहुंची बंगाल की ममता सरकार को सर्वोच्च न्यायालय ने फटकार लगाते हुए कहा है कि ये संघीय ढांचे के ख़िलाफ़ है. अदालत ने कहा कि अगर ममता बनर्जी अपने निजी हैसियत से अर्जी देती हैं तो अदालत इस पर गौर कर सकती है.
स्टेट्समैन की ख़बर के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट ने आधार मामले की सुनवाई को संवैधानिक पीठ के हवाले किया है. इसकी सुनवाई नवंबर के अंतिम सप्ताह से शुरू होगी.
दक्षिण भारत से छपने वाला अख़बार डेक्कन क्रॉनिकल की एक रिपोर्ट कहती है कि कांग्रेस गुजरात में हार्दिक पटेल की पाटीदारों को ओबीसी का दर्जा देने की मांग को नहीं मानेगी. हालांकि नवंबर महीने में राहुल गांधी अपने गुजरात दौरे में हार्दिक पटेल से मिल सकते हैं.
अख़बार का कहना है कि कांग्रेस चाहती है कि हार्दिक पटेल अपने मोर्चे को लेकर गुजरात विधानसभा का चुनाव अलग से लड़ें.
दैनिक जागरण की ख़बर के मुताबिक आम आदमी पार्टी ने ओखला के विधायक अमनातुल्लाह ख़ान के निलंबन को रद्द कर दिया है. अख़बार का कहना है कि इससे पार्टी एक बार फिर कलह की शिकार हो सकती है. अमानतुल्लाह को मई महीने में कुमार विश्वास को आरएसएस और बीजेपी का एजेंट बताने पर पार्टी से निकाला गया था.

इमेज स्रोत, AFP
कुमार विश्वास ने अमानतुल्लाह के निलंबन रद्द होने पर पार्टी से नाराज़गी जताई है. कुमार विश्वास ने कहा है कि पार्टी में सच बोलने वालों को किनारे लगाने की परंपरा पुरानी है. उन्होंने योगेंद्र यादव और प्रशांत भूषण का नाम लिया है.
नवभारत टाइम्स की एक ख़बर के मुताबिक़, सुप्रीम कोर्ट ने केरल लव जिहाद मामले में लड़की हादिया को 27 नवंबर को पेश करने को कहा है ताकि उसकी मानसिक स्थिति आंकी जा सके. केरल हाई कोर्ट ने हादिया की मुसलमान लड़के से शादी रद्द करते हुए पिता को सौंपा है. सुप्रीम कोर्ट में एनआईए ने कहा कि केरल में 89 मामलों में इसी तरह का पैटर्न दिखा है. युवाओं को कट्टर बनाने में व्यवस्थित मशीनरी शामिल है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)





















