प्रेस रिव्यू: दलित लड़के और पाटीदार लड़की का प्रेम, शहर बंद

फ़ाइल फोटो
प्रकाशित

इंडियन एक्सप्रेस की ख़बर के मुताबिक गुजरात में खेड़ा ज़िले का काठलाल शहर बुधवार को पाटीदार लड़की और दलित लड़के की शादी के कारण बंद रहा.

पाटीदार समुदाय के कई लोगों ने इस विवाह का विरोध किया और शहर में दुकानें बंद करवा दीं. कहा जा रहा है कि पाटीदार समुदाय की एक लड़की 11 नवंबर को एक दलित युवक के साथ शादी के लिए घर से भाग गई थी. अख़बार के मुताबिक़ पाटीदारों को यह प्रेम रास नहीं आया और वो सड़क पर उतर गए.

पाटीदारों का कहना है कि पुलिस ने लड़की को खोजने में सक्रियता नहीं दिखाई. पुलिस का कहना है कि पाटीदार लड़की और दलित युवा दोनों वयस्क हैं और दोनों बिना अभिभावक की मर्ज़ी के शादी कर सकते हैं.

पुलिस का कहना है कि पाटीदार लड़की डॉक्टर है और दलित युवक काठलाल बीजेपी यूनिट का नेता है. इस शादी को लेकर पाटीदारों को आपत्ति है, लेकिन दलितों को कोई समस्या नहीं है.

नरेंद्र मोदी

इंडियन एक्सप्रेस के अनुसार भारत सरकार पूर्वोत्तर राज्यों और जम्मू-कश्मीर में हवाई संपर्क बढ़ाने के लिए 24 एयरपोर्ट और हेलिपैड बनाने की योजना पर काम कर रही है.

इनमें 9 एयरपोर्ट और हेलिपैड चीन की सीमा से लगे अरुणाचल प्रदेश में होंगे. मणिपुर और असम में पांच-पांच, जम्मू-कश्मीर में दो और एक-एक मेघालय, त्रिपुरा और सिक्किम में ये एयरपोर्ट बनाए जाएंगे. भारत सरकार इसे आरसीएस योजना के दूसरे चरण में अंजाम तक पहुंचाएगी. अख़बार का कहना है कि यह सामरिक रूप से भी महत्वपूर्ण क़दम है.

जीएसटी

हिन्दुस्तान टाइम्स की एक ख़बर के अनुसार केंद्र सरकार ने जीएसटी की दरों में जो कटौती की है उसका तत्काल फ़ायदा ग्राहकों को नहीं मिल सकता है. जीएसटी की दरों में कटौती 15 नवंबर से प्रभावी हुई है, लेकिन कंपनियां अपने उत्पादों की क़ीमत में तत्काल बदलाव नहीं कर पाई हैं. पैकेट पर एमआरपी पुरानी ही है ऐसे में ग्राहकों को पुरानी क़ीमत ही अदा करनी पड़ सकती है.

द हिन्दू की एक ख़बर के अनुसार चुनाव आयोग ने भारतीय जनता पार्टी से कहा है कि वो अपने विज्ञापनों से 'पप्पू' शब्द को हटा ले. पप्पू शब्द का इस्तेमाल कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी के लिए किया जाता है.

राहुल गांधी

इंडियन एक्सप्रेस और इकोनॉमिक टाइम्स के मुताबिक संजय लीला भंसाली की फ़िल्म पद्मावती को लेकर विवाद थम नहीं रहा है. अब उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को लिखा है कि पद्मावती फ़िल्म में ऐतिहासिक तथ्यों से छेड़छाड़ के कारण लोगों में ग़ुस्सा है.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)