
मरने वालों की संख्या बढ़ कर दस हो गई है.
इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के जयपुर डिपो में लगी आग से मरने वालों की संख्या बढ़ कर दस हो गई है.
हालाँकि लगभग सत्तर घंटों के बाद आग थम रही है.
राजस्थान के पुलिस महानिदेशक वीएल सोनी ने रविवार को बताया है कि दो शव और मिले हैं. इसे मिलाकर मरने वालों की संख्या दस हो गई है.
अधिकारियों का कहना है कि रविवार शाम तक आग पर काबू पाए जाने की उम्मीद है.
इंडियन ऑयल के महाप्रबंधक गौतम बोस का कहना है कि विशेषज्ञों ने राय दी है कि पूरा ईंधन जल कर खाक होने दिया जाए क्योंकि बीच में दखल देना ख़तरनाक हो सकता है.
सेना की तैयारी
इस बीच सेना ने तेल डिपो और दूसरे इलाक़े में गैस भंडारण के बीच में सुरक्षा के लिए खाइयाँ खोद दी है.
सेना का कहना है कि जब भी उन्हें कार्रवाई का निर्देश मिलेगा वो अपने लाव लश्कर के साथ जुड़ जाएंगे.
इस बीच कई रेलगाड़ियो के मार्ग में बदलाव किया गया है क्योंकि जयपुर और कोटा को जोड़ने वाली रेल पटरी उस इलाके से होकर गुज़रती है जहाँ तेल डिपो है.
सीतापुरा में शिक्षा केंद्रों को बंद रखा जा रहा है और कोई दो हज़ार लोगों ने सरकारी आश्रय स्थलों में शरण ली है.सरकार के मुताबिक इस आग ने अब तक सात लोगों की जान ली है और छह लोग लापता हैं.
केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री मुरली देवड़ा ने मोके का दौरा किया और हादसे की जाँच का आदेश दिया है.
सरकार ने महेश लाल की अगुवाई में एक जाँच समिति गठित की है ,जो अगले 12 दिनों में जांच कर सरकार को अपनी रिपोर्ट सौंपेगी.
















