कोरोना के आगे बेबस नज़र आ रहा है भारत?
कोरोना से सबसे ज़्यादा प्रभावित देशों में भारत का नंबर भले ही तीसरा हो, लेकिन पिछले सात दिनों से विश्व के कोरोना ग्राफ़ में भारत का योगदान सबसे अधिक रहा है.
पिछले कुछ हफ़्तों से भारत में हर दिन कोरोना के नए मामले 50 हज़ार से ज़्यादा आ रहे हैं. भारत में अब तक संक्रमण के 22 लाख से अधिक मामले सामने आए हैं.
कोरोना के इसी हालात पर चर्चा के लिए भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 10 राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ मंगलवार को बैठक की.
मुख्यमंत्रियों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा,"आज 80 फीसदी से ज़्यादा एक्टिव केस दस राज्यों में हैं, इसलिए कोरोना के ख़िलाफ़ लड़ाई में इन सभी राज्यों की भूमिका बहुत बड़ी है. ये आवश्यकता थी, ये 10 राज्य एक साथ बैठकर समीक्षा करें, चर्चा करें. और आज की इस चर्चा से हमें एक दूसरे के अनुभवों से काफ़ी कुछ सीखने समझने को मिला भी है."
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में बिहार, गुजरात, यूपी, पश्चिम बंगाल और तेलंगाना को टेस्टिंग बढ़ाने का सुझाव दिया. साथ ही प्रतिदिन 7 लाख लोगों की टेस्टिंग करने पर अपनी पीठ भी ख़ुद ही थपथपा ली. इन सबके बीच एक और अहम बात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कही, "हम सही दिशा में आगे बढ़ रहे हैं. हर दिन एक नई चुनौती है."
स्टोरी: सरोज सिंह
आवाज़: विशाल शुक्ला
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)