इस ऑडियो/वीडियो के लिए आपको फ़्लैश प्लेयर के नए संस्करण की ज़रुरत है
जापान में ज़बरदस्त भूकंप के बाद सुनामी की लहरें उठी हैं जिससे भारी तबाही हुई है. अमरीकी भौगोलिक सर्वे के मुताबिक भूकंप की तीव्रता 8.8 है और इसका केंद्र टोक्यो से 400 किलोमीटर दूर है.
अभी तक 300 से अधिक लोगों के मारे जाने की ख़बरें आ रही हैं.

कहाँ कहाँ था सुनामी का प्रकोप
टीवी फ़ुटेज में दिखाया गया कि कैसे एक बड़ी सी लहर उठी और अपने साथ कई कारों और जहाज़ों को बहा कर ले गई. बताया जा रहा है कि लहर शायद 10 मीटर ऊँची थी.
भूकंप स्थानीय समयानुसार दोपहर दो बजकर 46 मिनट पर आया जिसके बाद कई बार झटके महसूस किए गए.
भूकंप के झटके टोक्यो में भी महसूस किए गए हैं जहाँ कई जगह आग लग गई है. वैज्ञानिकों का कहना है कि जापान के इतिहास में ये सबसे बड़े भूकंपों में से एक हैं.
भारी नुकसान

टोक्यो के पास नारिता हवाईअड्डा और सेनदाई हवाईअड्डा बंद कर दिया गया है. सेनदाई शहर से मिल रही ताज़ा तस्वीरों में लोग इमारतों पर खड़े हैं और ये इमारतें चारों तरफ़ से पानी में घिरी हैं. टोक्यो के पास एक बड़ी तेल रिफ़ाइनरी में आग लग गई है.
भूकंप आने के बाद ही सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई थी.टीवी पर दिखाया गया है कि सुनामी से भारी नुकसान हुआ है.
हवाई फ़ुटेज से संकेत मिल रहे हैं कि और ऊँची लहरों के आने की आशंका है. तटीय इलाक़ों में रहने वाले लोगों को इलाक़ा खाली करने के लिए कहा गया है.
भूकंप के बाद जापान में हाई-स्पीड बुलेट ट्रेन सेवा बंद कर दी गई है. उत्तरी जापान में सड़क और रेल मार्ग से संपर्क कट गया है और नुकसान का जायज़ा लेने के लिए सैन्य विमान भेजे गए हैं.
सुनामी की चेतावनी फ़िलिपींस, इंडोनेशिया और रूस के कुछ हिस्सों में भी जारी की गई है.















