आप इस वेबसाइट का टेक्स्ट-ओनली वर्शन देख रहे हैं जो कम डेटा खर्च करता है. सभी तस्वीरों और वीडियो के साथ वेबसाइट का मुख्य वर्शन देखें.
WPL के फ़ाइनल में सीधे एंट्री के लिए दिल्ली, मुंबई और यूपी में टक्कर
वीमेंस प्रीमियर लीग यानी डब्लूपीएल के पहले सीज़न की टॉप तीन टीमों का स्थान तय हो चुका है.
दिल्ली कैपिटल्स, मुंबई इंडियंस और यूपी वॉरियर्स की टीमें क्वालिफ़ाई कर चुकी हैं.
तो वहीं दूसरी ओर रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर और गुजरात जाएंट्स की टीम ख़िताब की रेस से बाहर हो चुकी है.
तो अब इन तीन टीमों के बीच लड़ाई इस बात की है कि कौन सी टीम सीधे फ़ाइनल में जाएगी.
डब्लूपीएल का फ़ॉर्मेट ऐसा है जिसमें प्वाइंट्स टेबल पर टॉप टीम सीधे फ़ाइनल के लिए क्वालिफ़ाई करेगी.
जबकि दूसरे और तीसरे स्थान की टीमों को फ़ाइनल में पहुँचने के लिए एलिमिनेटर मैच खेलना होगा और जीतने वाली टीम फ़ाइनल में पहुँचेगी.
पहले डब्लूपीएल का फ़ाइनल मैच रविवार 26 मार्च को खेला जाएगा, जबकि एलिमिनेटर मैच 24 मार्च को होगा.
मौजूदा प्वाइंट्स टेबल में दिल्ली की टीम पहले और मुंबई की टीम दूसरे नंबर पर है. जबकि यूपी की टीम तीसरे नंबर पर है.
मंगलवार को डब्लूपीएल के दो मैच खेले जाने हैं और इन दोनों मैचों के नतीजे पर निर्भर करेगा कि कौन सी टीम सीधे फ़ाइनल में पहुँचती है.
समीकरण
मंगलवार को पहला मैच रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर और मुंबई इंडियंस के बीच खेला जाना है, जबकि दूसरा मैच यूपी वॉरियर्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच होगा.
देखा जाए तो टॉप की टीम बनने का असल मुक़ाबला मुंबई और दिल्ली के बीच है. यूपी की टीम भी रेस में है, लेकिन उसके शीर्ष पर पहुँचने के समीकरण इतने जटिल हैं कि उसका सीधे फ़ाइनल में पहुँचना मुश्किल होगा.
दिल्ली की बात करें, तो एक दिन पहले ही उसने मुंबई की टीम को बड़े अंतर से मात दी है.
वैसे दिल्ली और मुंबई की टीम के 10-10 अंक हैं. लेकिन नेट रन रेट के आधार पर दिल्ली की टीम अभी आगे है.
अगर दिल्ली की टीम अपने आख़िरी लीग मैच में यूपी को हरा देती है, तो उसका पलड़ा भारी हो जाएगा.
लेकिन मुंबई की टीम अगर बंगलौर को एक बड़े अंतर से मात देती है, तो वो भी टॉप की टीम बन सकती है.
अभी तक देखा जाए, तो दिल्ली और मुंबई की टीमें पहले डब्लूपीएल में छाई रहीं.
अभी तक दोनों ही टीमों ने अपने सात-सात मैचों में से पाँच-पाँच में जीत हासिल की है.
दिल्ली की कप्तानी मेग लैनिंग के पास है, जबकि मुंबई की कप्तानी कर रही हैं हरमनप्रीत कौर.
स्मृति मंधाना और बंगलौर का प्रदर्शन
इस पूरी प्रतियोगिता में सबसे ज़्यादा निराश किया है रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर की टीम ने.
इस टीम की कमान भारत की सलामी बल्लेबाज़ स्मृति मंधाना के पास है, जो डब्लूपीएल की सबसे महंगी खिलाड़ी हैं.
बंगलौर के ख़राब प्रदर्शन का आलम ये था कि पहला पाँच मैच टीम हार गई थी. टीम ने वापसी तो की, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी.
अभी तक सात मैचों में बंगलौर ने सिर्फ़ दो में जीत हासिल की है.
स्मृति मंधाना का अपना प्रदर्शन भी काफ़ी ख़राब रहा है. वे डब्लूपीएल में रन बनाने के मामले में 18वें नंबर पर हैं.
उन्होंने सात मैचों में सिर्फ़ 125 रन बनाए हैं और उनका सर्वाधिक स्कोर है 37 रन.
जबकि भारत की कप्तान और डब्लूपीएल में मुंबई की कप्तान हरमनप्रीत कौर सर्वाधिक रन बनाने वाली खिलाड़ियों की सूची में तीसरे नंबर पर हैं.
हरमनप्रीत कौर ने सात मैचों में 228 रन बनाए हैं. जबकि दिल्ली की ओर से खेल रही शफ़ाली वर्मा ने अभी तक इस टूर्नामेंट में 220 रन बनाए हैं और वे छठे नंबर पर हैं.
डब्लूपीएल में अभी तक सबसे ज़्यादा रन बनाए हैं मेग लैनिंग ने. दिल्ली कैपिटल्स की कप्तान मेग लैनिंग ने अभी तक 271 रन बनाए हैं.
गेंदबाज़ी की बात करें, तो इसमें भी कोई भारतीय महिला खिलाड़ी टॉप पर हैं.
सोफ़ी एकलेस्टोन ने सबसे ज़्यादा 13 विकेट लिए हैं. जबकि भारत की शिखा पांडे छठे नंबर पर हैं. दिल्ली कैपिटल्स से खेलने वाली शिखा पांडे ने 10 विकेट लिए हैं.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहाँ क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)