दुनिया का सबसे बड़ा सर्राफ़ा बाज़ार

मुम्बई में हीरों के व्यापार के नए केंद्र का उद्धाटन
इमेज कैप्शन, मुम्बई में हीरों के व्यापार के नए केंद्र का उद्धाटन
    • Author, विनीत खरे
    • पदनाम, बीबीसी संवाददाता, मुंबई
  • प्रकाशित

भारत को हीरों के व्यापार का केंद्र बनाने के उद्देश्य से मुम्बई में विश्व के सबसे बड़े सर्राफ़ा बाज़ार ‘भारत डायमंड बोर्स’ का रविवार को उद्घाटन हुआ.

ये सर्राफ़ा बाज़ार बांद्रा-कुरला इलाक़े में बनाया गया है.

कोई 20 एकड़ क्षेत्र में बनी नौ मंज़िलों की नौ इमारतें भीतर ही भीतर एक दूसरे से जुड़ी हैं.

भारत डायमंड बोर्स एक लाभ निरपेक्ष गारंटी कम्पनी है जिसे कम्पनी अधिनियम की धारी 25 के अधीन 1984 में पंजीकृत किया गया था.

मूल रूप से इसका गठन हीरों की निर्यातक बिरादरी के सदस्यों और सरकारी उपक्रम भारतीय खनिज और धातु व्यापार निगम ने मिलकर किया था.

भारत डायमंड बोर्स के अध्यक्ष अनूप मेहता का कहना है कि अब मुम्बई का हीरा व्यापार भीड़भाड़ वाले ज़ावेरी बाज़ार से निकल कर अपने नए मुख्यालय में आ जाएगा.

उन्होने पत्रकारों से कहा, “इसका उद्देश्य था हीरों और भारत में बनने वाले हीरों के गहनों के प्रवर्तन के लिए ज़रूरी ढांचागत सुविधाएं स्थापित करना. जिससे व्यापारियों, निर्यातकों और अन्य हिस्सेदारों को हर तरह की सुविधा और सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें”.

उन्होने कहा कि हाल के वर्षों में हीरों के व्यापार में दिन दूनी रात चौगुनी प्रगति हुई है और यह उद्योग सबसे तेज़ी से बढ़ रहा है.

अनूप मेहता ने बीबीसी से कहा, “दुनिया के 15 में से 14 हीरों को भारत में तराशा और पॉलिश किया जाता है और इस सर्राफ़ा बाज़ार से अंतर्राष्ट्रीय बाज़ारों में हीरों की बिक्री को बढ़ावा मिलेगा”.

भारत डायमंड बोर्स के अध्यक्ष का कहना था कि भारत इस व्यापार के हर पक्ष में अग्रणी है. यहां सबसे अधिक हीरे तैयार किए जाते हैं और यहां से सबसे अधिक कैरट का निर्यात होता है.

भारत डायमंड बोर्स के इस परिसर का निर्माण 20 लाख वर्गफ़ुट इलाक़े में हुआ है जिसमें छोटे बड़े 2500 कार्यालय हैं. इस परिसर का डिज़ाइन प्रमुख वास्तुकार बालाकृष्णन दोषी ने तैयार किया है.

यहां सभी सुविधाएं और सुरक्षा प्रबंध ऊंचे दर्जे के हैं और यह पूरा परिसर वातानुकूलित है.

आशा की जाती है कि अगले कुछ महीनों में जब ये पूरी तरह काम करने लगेगा तो यहां हर रोज़ कोई 20,000 लोग आएंगे जिनमें विदेशी भी होंगे.

इस परिसर में 2,200 वाहनों को खड़ा करने की जगह है. यहां बैंक, रेस्तरां, बाग़ बगीचे और कर्मचारियों, दर्शकों, व्यापारियों और ख़रीदारों के लिए अन्य सुविधाएं भी हैं.