चीन दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था

इमेज स्रोत, AFP
सरकारी आंकड़ों के अनुसार जापान अर्थव्यवस्था के मामले में चीन से पिछड़ गया है और चीन दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है.
हालांकि प्रति व्यक्ति आय के हिसाब से जापान अब भी चीन से आगे है.
पिछले साल जापान की सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) 5.5 लाख करोड़ डालर रहा जबकि चीन की जीडीपी 5.9 लाख करोड़ डालर रही.
बीबीसी संवाददाता का कहना है कि हालांकि इसकी उम्मीद की जा रही थी लेकिन इस नई सच्चाई से जापान के लोगों को धक्का पहुँच सकता है.
चीन की अर्थव्यवस्था पिछले साल की तुलना में कहीं अधिक तेज़ी से बढ़ रही है.
तेज़ी से बढ़ती अर्थव्यवस्था
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार चीनी अर्थव्यवस्था 10.3 फ़ीसदी की रफ़्तार से बढ़ रही है.
चीन में रिटेल यानि खुदरा बिक्री में तेज़ी आई है और ये 18 फ़ीसदी की रफ़्तार से बढ़ रही है.
इधर चीन ने विकासशील देशों को कर्ज देने के मामले में विश्व बैंक को पीछे छोड़ दिया है.
फ़ाइनेंशियल टाइम्स के अनुसार चीन के विकास बैंक और आयात-निर्यात बैंक ने पिछले दो वर्षों में 110 अरब डॉलर के ऋण विभिन्न सरकारों और निजी कंपनियों को वितरित किए.
ये विश्व बैंक के ऋण वादों से 10 फ़ीसदी ज्यादा है.
विश्व बैंक ने वित्तीय संकट के दौरान वर्ष 2008 से 2010 के बीच सौ अरब डॉलर के ऋण स्वीकृत किए.

























