मामी में शशि कपूर को सम्मान

मुंबई में मुंबई एकेडमी ऑफ़ मूविंग इमेज यानि मामी का 11वां फ़िल्म फ़ेस्टिवल 29 अक्तूबर से शुरु हो रहा है. इस बार इस फ़िल्म समारोह में शशि कपूर और थिओ ऐजलोंपॉलस को लाइफ़ टाइम एचीवमेंट एवार्ड दिया जायेगा.
शशि कपूर को समारोह के पहले दिन 29 अक्तूबर को सम्मानित किया जाएगा. समारोह में उनकी फ़िल्में भी दिखाई जाएँगीं. दुनिया के जाने-माने ग्रीक फ़िल्मकार थिओ ऐंजलोपॉलस को समारोह के आख़िरी दिन यानि नौ नंवबर को ‘लाइफ़ टाइम एचीवमेंट एवार्ड’ दिया जाएगा.
मुंबई एकेडमी ऑफ़ मूविंग इमेज की ट्रस्टी शबाना आज़मी ने मंगलवार को मुंबई में कहा कि यहां दुनिया की कुछ बेहतरीन फ़िल्में दिखाई जाएँगीं. उन्होंने कहा, ‘हमारे पास इस बार जो फ़िल्में आई हैं वो बेहतरीन फ़िल्में हैं. इस बार हम पहली फ़िल्म बना रहे किसी एक निर्देशक को भी पुरस्कार देंगे.’
शबाना आज़मी ने कहा कि आज के दौर में हॉलीवुड का फ़िल्म जगत से दबदबा कमज़ोर पड़ता जा रहा है क्योंकि चीन, ईरान, कोरिया और जापान में अच्छी फ़िल्में बन रहीं हैं.
अमोल पालेकर भी मामी से एक ट्रस्टी के तौर पर जुड़े हुए हैं. वो कहते हैं कि ये समारोह धीरे-धीरे नए निर्देशकों के लिए एक प्लेटफॉर्म बनना चाहेगा.
समारोह की शुरुआत
मामी में इस बार 56 देशों से आईं 200 फ़िल्में दिखाई जायेंगी. समारोह की शुरुआत ऑस्कर पुरस्कार जीत चुके निर्देशक स्टीवन सोडरबर्ग की फ़िल्म ‘द इफ़ॉर्मेंट’ से होगी.
मामी में दिखाई जाने वाली फ़िल्मों को इस बार पांच श्रेणियों में बांटा गया है. प्रथम फ़िल्म बनाने वाले निर्देशकों की इस बार तेरह फ़िल्में दिखाई जायेंगी. इसके अलावा ‘इंडियन फ्रेम’ में 15 भारतीय फ़िल्में, ‘अबव द कट’ में 14 उत्कृष्ट फ़िल्में और ‘रील रिअल’ में डॉक्यूमेंट्री फ़िल्में दिखाई जायेंगी.
समारोह में ईरानी फ़िल्मकार जाफ़र पनाही और हॉलीवुड लेखक पॉल श्रेडर ज्यूरी का हिस्सा होंगे.

























