बीबीसी टेक वन: चटपटी फ़िल्मी गपशप

- Author, ऋचा शर्मा
- पदनाम, बीबीसी हिंदी संवाददाता
- प्रकाशित
मनोरंजन की दुनिया से सप्ताह भर की चटपटी ख़बरें समेटे बीबीसी हिंदी एफ़एम का विशेष कार्यक्रम 'बीबीसी टेक वन'.
बीबीसी टेक वन के इस अंक में हम बताएँगे भारत में इस सप्ताह रिलीज़ हो रही फ़िल्मों के बारे में और हमारे साथ होंगे 'बीबीसी टेक वन' के फ़िल्म क्रिटिक सुभाष के झा.
सुभाष के झा के साथ आप जान पाएँगे पिछले सप्ताह रिलीज़ हुई फ़िल्मों की बॉक्स आफ़िस रिपोर्ट भी.
इस हफ्ते सिनेमा घर पहुंची प्रियंका चोपड़ा और उदय चोपड़ा की ‘प्यार इंपॉसिबल’ और फरदीन खान, सुष्मिता सेन की ‘दूल्हा मिल गया’.
यश राज बैनर की फ़िल्म ‘प्यार इंपॉसिबल’ कहानी है एक साधारण लड़के की जिसे कोलेज की सबसे ख़ूबसूरत लड़की से प्यार हो जाता है. लेकिन इन दोनों में इतना फ़र्क है कि लगता है कि दोनों में प्यार नामुमकिन है.
प्रियंका चोपड़ा कहती हैं कि 'प्यार इंपॉसिबल' से हर इंसान जुड़ पायेगा क्योंकि दुनिया में ऐसे कई लोग हैं जो किसी ऐसे व्यक्ति से प्रेम कर बैठते हैं, जिसे हासिल करना नामुमकिन होता है.

इस फ़िल्म की कहानी लिखी है उदय चोपड़ा ने जो कहते हैं कि उनका किरदार उनकी असल जिंदगी से काफी मिलता जुलता है. इस फ़िल्म का निर्देशन किया है जुगल हंसराज ने.
‘दूल्हा मिल गया’ में फरदीन खा़न और सुष्मिता सेन के साथ बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख़ खा़न अतिथि कलाकार के रूप में दिखेंगे.
इस फ़िल्म के बारे में फ़रदीन कहते हैं,“मैं इस फ़िल्म में एक बहुत अमीर आदमी का किरदार निभा रहा हूं जिसके पास इतने पैसे हैं कि उसे समझ नहीं आ रहा है कि वो उन्हें कैसे खर्च करे. वो रिश्तों को अहमियत नहीं देता, अय्याश और लापरवाह किस्म का इंसान है. अचानक उसे एक लड़की से प्यार हो जाता है और इसी प्यार की वजह से उसकी सोच में काफ़ी बदलाव आता है.”

टिंसल टॉक
‘रॉक ऑन’ और ‘लक बाई चांस’ के बाद बतौर अभिनेता फरहान अख़्तर नज़र आएंगे फ़िल्म ‘कार्तिक कॉलिंग कार्तिक’ में. इसमें उनका साथ देंगी अभिनेत्री दीपिका पादुकोण.
‘गोलमाल’ और ‘गोलमाल रिटर्न्स’ की सफलता के बाद निर्देशक रोहित शेट्टी इसका तीसरा भाग बनाने जा रहे हैं. और यही नहीं ‘गोलमाल रिटर्न्स’ में करीना कपूर के अभिनय से रोहित इतना प्रभावित किया कि इस फ़िल्म में भी वो करीना को ही लेने का सोच रहे हैं.
'रंग दे बसंती' और 'दिल्ली 6' के बाद एक बार फिर फ़िल्ममेकर राकेश ओम प्रकाश महरा ने अपनी अगली फ़िल्म 'मैड मैडर मैडेस्ट' में दिग्गज अभिनेता ओम पूरी को लिया है. राकेश ओम प्रकाश मेहरा इस फ़िल्म के निर्माता हैं.
बीबीसी टेक वन में इस बार ख़ास हमारे साथ हैं भारतीय सिनेमा जगत के जाने माने संगीतकार ऐ आर रहमान जो इस हफ्ते अपना 44 वां जन्मदिन मन रहे हैं.

रहमान ने बीबीसी को बताया 'मेरा और मेरे परिवार की ज़िंदगी में सूफ़ीज़म का बहुत प्रभाव रहा. मेरी पहली फ़िल्म ने मेरी ज़िंदगी बदल दी क्योंकि कह सकते हैं कि उस फ़िल्म ने मेरे संगीत, मेरे मूल्यों और मुझे परिभाषित किया.
रहमान ने ये भी कहा 'मैं बहुत जल्दी किसी भी चीज़ से तंग आ जाता हूं क्योंकि मैं जब काम करता हूं तो पूरी तरह डूब करता हूं और उसे ख़त्म करने के बाद उस सबसे दूर जाना चाहता हूं.

























