'काइट्स' को रिलीज़ करने की तैयारी

- Author, सलीम रिज़वी
- पदनाम, न्यूयॉर्क से हिंदी डॉट कॉम के लिए
- प्रकाशित
बॉलीवुड स्टार ऋतिक रोशन अपनी नई फ़िल्म ‘काइट्स’ के प्रमोशन के लिए न्यूयॉर्क में हैं. रविवार को इस फिल्म का प्रीमियर संपन्न हुआ.
फ़िल्म में ऋतिक रोशन पहली बार किसी विदेशी लड़की मैक्सिको की अभिनेत्री बारबरा मोरी के साथ दिखेंगे.
इस फ़िल्म के प्रीमियर से पहले न्यूयॉर्क में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान फ़िल्म के निर्देशक अनुराग बसु ने काइट्स को एक नए प्रकार की रोमांटिक फ़िल्म बताया, जिसमें दो देशों मैक्सिको की लड़की और भारत के लड़के के बीच प्रेम की कहानी दर्शाई गई है.
काइट्स में अपने अभिनय के बारे में ऋतिक ने कहा कि उन्होंने ऐसा रोल पहले कभी नहीं किया.
वे कहते हैं, “मैंने इससे पहले जो भी अभिनय किया है वह शायद इस फ़िल्म के रोल के लिए ही तैयारी थी. मुझे अभिनय के बारे में पहले से सीखी हुई बहुत सी चीज़ें भूलनी पड़ी और नए अंदाज़ में मैंने किरदार निभाया.”
मैक्सिको की अभिनेत्री बारबरा मोरी ने इस फ़िल्म में लिंडा और नताशा के नाम से किरदार निभाए हैं.
पहली बॉलीवुड फ़िल्म
काइट्स फ़िल्म के लिए काम करने के दौरान अपने अनभुव के बारे में अभिनेत्री बारबरा मोरी ने कहा,“मैं तो इस फ़िल्म के लिए चुने जाने पर बहुत खुश थी और मेरा अनुभव बहुत अच्छा रहा. यह मेरी पहली बॉलीवुड फ़िल्म है और मैंने पहली बार इतने बड़े बजट की फ़िल्म की है."
बारबरा कहती हैं, "फ़िल्म के लिए मुझे तीन महीने अमरीका में और दो महीने भारत में गुज़ारने पड़े. घर और घरवालों से दूर रही लेकिन मुझे सारी यूनिट से इतना प्यार मिला कि मुश्किल नहीं हुई.”
बारबरा ने इससे पहले कोई बॉलीवुड फ़िल्म नहीं देखी थी. लेकिन जब फ़िल्म के लिए वह चुन ली गईं तो उन्होंने खासकर ऋतिक रोशन और अनुराग बसु की फ़िल्में देखीं और अपनी फ़िल्म के लिए तैयारियां कीं.
बारबरा ने फ़िल्म में ज़्यादा हिंदी तो नहीं बोली है लेकिन उनको फिर भी हिंदी के कुछ वाक्य सिखाए गए थे.
न्यूयॉर्क में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान जब मैंने उनसे फ़िल्म का कोई हिंदी का डायलॉग सुनाने की गुज़ारिश की तो बारबरा ने पूरी संजीदगी के साथ और बड़ी मासूमियत से एक डायलॉग दोहराया, “मैं उल्लू की पठ्ठी हूं.”और इसके बाद सारे हॉल में ठहाका गूंज गया.
इस फ़िल्म में हिंदी के अलावा स्पेनिश और अंग्रेज़ी भी शामिल है.
ऋतिक रोशन ने भी पहली बार किसी विदेशी अभिनेत्री के साथ अभिनय किया है.
बारबरा के साथ काइट्स की शूटिंग का ज़िक्र करते हुए ऋतिक कहते हैं, “शूटिंग के दौरान हम लोगों को बहुत मज़ा आया. बारबरा इतनी अच्छी कलाकार हैं कि वह किरदार में बिलकुल खो जाती हैं और बहुत ही सच्चाई के साथ किरदार निभाती हैं.”
बसु की पसंद

काइट्स फ़िल्म के निर्देशक अनुराग बसु ने बताया कि मैक्सिको की अभिनेत्री उन्होंने इसलिए चुनी क्योंकि उस देश की लड़कियां उनकी कमज़ोरी हैं और उनकी रंगत और हावभाव भारतीय लड़कियों से बहुत मिलते जुलते हैं.
अनुराग बसु ने ही फ़िल्म की पटकथा लिखी है.
फ़िल्म के निर्माता राकेश रोशन का मानना है कि अब उभरते हुए युवा निर्देशकों को भी मौक़ा मिलना चाहिए.
राकेश रोशन कहते हैं, “अनुराग बसु एक बहुत ही प्रतिभाशाली निर्देशक हैं. मैंने उनकी सभी फ़िल्में देखी हैं, उनका काम करने का अंदाज़ मुझे पसंद है. मैं इस फ़िल्म को जैसे देखना चाहता था, अनुराग ने इसे वैसा ही बनाया है.”
राकेश रोशन ने बताया कि जब उन्होंने अनुराग बसु से इस फ़िल्म का निर्देशन करने को कहा तो बसु भौंचक्के रह गए.
राकेश रोशन ने उनसे कहा कि 'बताओ, करोगे कि नहीं'.
बसु ने एक महीने के बाद राकेश रोशन को फ़ोन करके कहा कि इस फ़िल्म का निर्देशन करने की हामी भरी
बड़े बजट की पहली फ़िल्म
फ़िल्म की शूटिंग के बारे में अनुराग बसु कहते हैं, “मैंने इतने बड़े बजट की फ़िल्म कभी बनाई नहीं थी. सो, मैं बहुत संभल-संभल के कदम आगे बढ़ा रहा था. लेकिन मैं एक लेखक भी हूं तो मेरे दिमाग़ में इसकी स्क्रिप्ट पहले से ही मौजूद थी. इसलिए शूटिंग करने में ज़्यादा मुश्किल नहीं हुई.”
निर्देशक अनुराग बसु इससे पहले मर्डर और गैंगस्टर जैसी फ़िल्में बना चुके हैं.
काइट्स फ़िल्म में चर्चित कुछ हॉट सीन के बारे में निर्देशक अनुराग बसु कहते हैं, “मुझे नहीं पता कि आप किसिंग सीन के बगैर कैसे एक रोमांटिक फ़िल्म बना सकते हैं. लेकिन इस फ़िल्म में जो हॉट सीन चर्चा का विषय हैं वह सिर्फ़ एक सीन है. वह भी हीरोइन की पीठ दिखती है बिना कपड़े के.”
फ़िल्म में संगीत दिया है राकेश के छोटे भाई राजेश रोशन ने. राजेश के संगीत ने फ़िल्म ‘कहो न प्यार है’ और ‘कोई मिल गया’ के ज़रिए भी काफ़ी वाहवाही लूटी थी. काइट्स फ़िल्म में ऋतिक रोशन ने खुद भी गाना गाया है.
फ़िल्म काइट्स के नाम के बारे में ऋतिक कहते हैं, “अगर दो पतंगें उड़ते उड़ते एक दूसरे के करीब रहना चाहती हैं तो यह भी ख़तरा रहता है कि वह एक दूसरे को काट भी सकती हैं. तो इसी तरह इस फ़िल्म की प्रेम कहानी में भी यह एक चुनौती होती है.”
अमरीका के कई शहर जैसे सेंटा फ़े, लास वेगास, लॉस एंजेल्स के साथ मुंबई में इस फ़िल्म की शूटिंग की गई है.
ऋतिक को शूटिंग के दौरान घुटने में चोट के कारण मुश्किल भी आई लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और शूटिंग जारी रखा.
दो भाषाओं में
फ़िल्म कइईट्स के दो संस्करण-अंग्रेज़ी और हिंदी में हैं.
हिंदी में करीब ढाई घंटे की फ़िल्म है जो पूरे विश्व में रिलीज़ की जाएगी. लेकिन अंग्रेज़ी में यह फ़िल्म सिर्फ़ 90 मिनट की है और वह सिर्फ़ अमरीका में ही दिखाई जाएगी.
अंग्रेज़ी में इस फ़िल्म की एडिटिंग की है हॉलीवुड के मशहूर निर्देशक ब्रेट रैटनर ने जिनकी फ़िल्में रश आवर और एक्स मेन बहुत चर्चित रही हैं.
काइट्स को 21 मई को विश्व भर में करीब 60 देशों में रिलीज़ किया जाएगा.
ऋतिक की अगली फ़िल्म है गुज़ारिश जो इस साल के अंत तक रिलीज़ हो जाएगी.
बारबरा मोरी को भी बॉलीवुड भा गया है और वह अब अगली हिंदी फ़िल्म की भी तैयारी कर रही हैं, जिसका नाम अभी रखा नहीं गया है, लेकिन उन्होंने इस पर हामी भर दी है.

























