स्पाइडरमैन के बाद अब स्पाइडरगर्ल

स्पाइडरमैन के किरदार की तर्ज़ पर तैयार स्पाइडरगर्ल की कॉमिक की बिक्री हाल ही में अमरीका में शुरू हुई है.
चित्रकथा की किरदार यानि स्पाइडरगर्ल 16 साल की एक हाई स्कूल छात्रा है जो न्यूयार्क में रहती है और उसका असली नाम है अन्या कोराज़न है.
चित्रकथा को प्रकाशित करने वाली कंपनी 'मार्वेल कॉमिक्स' का कहना है कि स्पाइडरगर्ल का किरदार एक आधुनिक महिला की छवि में रचा गया है.
ज़्यादातर सुपरहीरो किरदारों के विपरीत अन्या कोराज़न के पास कोई जादूई शक्ति नहीं है लेकिन वो मार्शल आर्ट की माहिर है.
नवयुवतियों की पसंद

'मार्वेल कॉमिक्स' को उम्मीद है कि ये किरदार उन नवयुवतियों को पसंद आएगा जिन्हें चित्रकथाओं में दिलचस्पी है.
स्पाइडरगर्ल सीरीज़ के संपादक टॉम ब्रेनन का कहना है,"लोगों की दिलचस्पी वैसी कहानियों में होती है जिनके किरदार में उन्हें अपनी छवि दिखे."
उन्हें पूरी उम्मीद है कि नवयुवतियां इस किताब का ख़ूब लुत्फ़ उठाएंगी.
स्पाइडरगर्ल एक चुस्त काली लिबास पहनती है जिसपर नीले रंग के मकड़े की तस्वीर बनी हुई है.
छरहरे शरीर की स्पाइडरगर्ल बहुत शक्तिशाली है.
ब्रिटेन के कई शहरों में किताब की दुकानों के मालिक मार्टिन अवर का मानना है कि पाठक एक प्रभावशाली महिला किरदार की तलाश में हैं.
वह कहते हैं,"बदक़िस्मती से अधिकतर चित्रकथाओं में महिला शरीर के विशेष अंगों को ज़रूरत से ज़्यादा बढ़ा चढ़ाकर दिखाया जाता है."
ब्रिटेन में स्पाइडरगर्ल की ये चित्रकथा गुरुवार से उपलब्ध होगी.
असफलताएं

स्पाईडरगर्ल के पिता एक खोजी रिपोर्टर है और स्पाईडरमैन की तरह उसके भीतर भी सही-ग़लत का भाव बहुत तीव्र है.
मगर वह स्पाईडरमैन की तरह दीवारों से नहीं चिपक सकती है.
माइकल अवर का कहना है उन्होंने भी चित्रकथा की कुछ कापियाँ आर्डर कर रखी हैं लेकिन फ़िलहाल पाठकों की दिलचस्पी के बारे में कहना मुश्किल है.
क्योंकि बाज़ार में चित्रकथाओं की हज़ारों सीरीज़ उपलब्ध हैं.
इससे पहले स्पाईडर-गर्ल के किरदार पर आधारित चित्रकथाए बहुत सफल नहीं रही थीं.

























