'बोलूंगी नहीं, सही मौके पर कर के दिखाऊंगी'

इमेज स्रोत, PR Agency
क्रिकेट वर्ल्ड कप में भारत की जीत पर खिलाड़ियों के सामने कपड़े उतारने का प्रस्ताव रखने वाली मॉडल पूनम पांडेय अब अपनी ‘लोकप्रियता’ को भुनाने में जुट गई हैं.
इसकी शुरुआत उन्होंने रियेल्टी शो ‘ख़तरों के खिलाड़ी’ के मंच से की. शो के चौथे सीज़न में 13 जोड़ियां भाग ले रही हैं. इनमें से एक जोड़ी का हिस्सा पूनम भी हैं.
सोमवार को मुम्बई में इन जोड़ियों को एक पत्रकार सम्मेलन में पेश किया गया. वहां पूनम अपने साथी के साथ स्टेज पर थोड़े ‘बोल्ड’ अंदाज़ में दिखाई दीं.
उन्होंने माना कि उनकी ‘एंट्री’ काफ़ी ‘बोल्ड’ थी. उन्होंने कहा, “हां, मेरी एंट्री बोल्ड थी. बीसीसीआई ने तो अनुमति नहीं दी तो सोचा चलो यहीं कुछ कर लूं.”
पूनम का इशारा अपने उस पत्र की ओर था जो उन्होंने भारतीय क्रिकेट बोर्ड, बीसीसीआई, को भेजा था. इसमें उन्होंने वर्ल्ड कप विजेता भारतीय टीम के सामने निर्वस्त्र होने की अनुमति मांगी थी.
लगता है कि पूनम उस अनुभव से काफ़ी कुछ सीख गई हैं. वो कहती हैं कि अब उन्हें जो करना है, वो वक़्त आने पर कर देंगी लेकिन उसके बारे में पहले से कोई बयान नहीं देंगी.
ये पूछे जाने पर कि निर्वस्त्र होने के प्रस्ताव के बाद अब वो क्या नया करेंगी, पूनम ने कहा, “ख़तरों के खिलाड़ी के बाद मैंने कुछ नया सोच रखा है. लेकिन फ़िलहाल ये राज़ ही रहेगा और जब उसे करने का मौका आएगा तब मैं बिना कुछ सोचे-समझे करूंगी. अभी इसके बारे में कुछ नहीं कहूंगी क्योंकि मैं कुछ भी कहती हूं तो बहुत सी समस्याएं आ जाती हैं या फिर कोर्ट केस हो जाता है.”
टीवी कलाकार स्मिता बंसल, आश्का गोरडिया, संभावना सेठ, कश्मीरा शाह, मॉडल डियांड्रा सोआरेस, एलिसिया राउत, गायिका मौली दवे, महिला क्रिकेटर अंजुम चोपड़ा भी ख़तरों के खिलाड़ी के चौथे सीज़न के प्रतियोगियों में शामिल हैं. शो की शूटिंग दक्षिण अफ़्रीका में होगी. इसे ऐक्टर अक्षय कुमार होस्ट करेंगे.

























