जो एकता कहती है वही करता हूं: जीतेंद्र

- Author, सुप्रिया सोगले
- पदनाम, मुंबई से बीबीसी हिंदी डॉट कॉम के लिए
- प्रकाशित
मशहूर अभिनेता जीतेंद्र मौजूदा दौर के संगीत से कुछ ख़ास संतुष्ट नहीं हैं लेकिन फ़िल्मों के लिहाज़ से वो इस दौर को भारतीय सिनेमा का सबसे अच्छा दौर मानते हैं.
मुंबई में यूटीवी स्टार्स के कार्यक्रम 'वॉक ऑफ़ द स्टार्स' में जीतेंद्र ने हिस्सा लेते हुए ये बातें कहीं.
'वॉक ऑफ़ द स्टार्स' के तहत हिंदी सिनेमा के जाने-माने कलाकारों के हाथ और पैर के निशान यादगार के तौर पर लिए जाते हैं और इसी कड़ी में जीतेंद्र को भी आमंत्रित किया गया था.
पत्रकारों से मुख़ातिब जीतेंद्र ने कहा, "मैं मौजूदा दौर की फ़िल्में देखता हूं. बहुत अच्छा दौर चल रहा है. हर तरह की फ़िल्में चलती हैं. मसाला फ़िल्में भी चलती हैं तो लीक से हटकर फ़िल्में भी चलती हैं. सितारों की फ़िल्में भी चलती हैं तो छोटे बजटकी अच्छी कहानी वाली फ़िल्में भी चलती हैं. वर्ना पहले तो वो लॉस्ट एंड फाउंड का फॉर्मूला था. उसी पर हर फ़िल्म बनती जाती थी."
'अब एक्टिंग में दिलचस्पी नहीं'
जीतेंद्र ने ये भी बताया कि वो वापस एक्टिंग करने के मूड में नहीं है लेकिन अगर उनकी बेटी एकता कपूर ने कहा तो वो उस पर विचार कर सकते हैं.
उन्होंने कहा, "मैं 18-20 साल पहले तय किया था कि मैं वापस स्टूडियो में नहीं लौटूंगा. एक्टिंग नहीं करूंगा. मैंने अपने दौर में दिन में कई-कई घंटे सेट पर बिताए. मैं आराम की ज़िंदगी बसर करना चाहता था. लेकिन फिर मेरी बेटी और बेटा इसी क्षेत्र में आ गए."
उन्होंने आगे कहा, "मेरी बेटी अगर कहेगी तो मैं ज़रूर अभिनय करूंगा. वर्ना मेरी कोई दिलचस्पी नहीं है."
'80 का दौर सर्वश्रेष्ठ'

अपने करियर की बातें करते हुए जीतेंद्र ने कहा, "मेरे करियर में कई बार उतार चढ़ाव आए. 80 का दौर मेरे करियर में कामयाबी के लिहाज़ से सर्वश्रेष्ठ था. जब मैंने कई हिट फ़िल्में दीं. लेकिन मुझे अपने पूरे सफ़र पर गर्व है."
जीतेंद्र अपने ख़ास तरह की नृत्य शैली के लिए सबसे ज़्यादा मशहूर थे. सफ़ेद पैंट, सफ़ेद शर्ट और सफ़ेद जूते पहने हुए जीतेंद्र का डांस स्टाइल 70 और 80 के दशक में ख़ूब मशहूर हुआ और उन्हें जंपिग जैक भी कहा जाता था.
वो कहते हैं, "जब मैं छोटा था तो कुक्कू जी के डांस का कायल था. फिर मैं फ़िल्मों में आया तो मैंने पाया कि एक ख़ास तरह से नृत्य करने की शैली लोगों को ख़ूब भाती है और मैंने वही करना शुरू किया. अब मैं अपने आपको देखता हूं तो लगता है कि मैं अपने दौर का कुक्कू था."
वो मौजूदा दौर के कलाकारों में ऋतिक रोशन को सर्वश्रेष्ठ डांसर मानते हैं.
अपने सबसे क़रीबी दोस्तों के बारे में उन्होंने बातें करते हुए कहा, "मेरी गुड्डू यानी राकेश रोशन, सुजीत कुमार, राजेश खन्ना और संजीव कुमार से बहुत अच्छी दोस्ती थी. लेकिन सुजीत, संजीव और राजेश तो अब जा चुके हैं. मैं और गुड्डू अक्सर मिलते हैं और फ़िल्में देखने भी साथ जाते हैं."
<italic><bold>(बीबीसी हिंदी के <link type="page"><caption> एंड्रॉएड ऐप</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> करें. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं)</bold></italic>

























