अब टीवी सीरियल नहीं करूंगा: गौतम गुलाटी

इमेज स्रोत, others
- Author, सुप्रिया सोगले
- पदनाम, मुंबई से, बीबीसी हिन्दी डॉट कॉम के लिए
- प्रकाशित
टेलीविज़न शो 'बिग बॉस 8' के विजेता रहे अभिनेता गौतम गुलाटी कहते हैं कि अब टीवी सीरियल नहीं करेंगे बल्कि पूरा ध्यान फ़िल्मों पर लगाएंगे.
गौतम जल्द ही भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान मोहम्मद अज़रुद्दीन के जीवन पर आधारित फ़िल्म 'अज़हर' में दिखाई देंगे.
वो कहते हैं कि इस फ़िल्म में निभाए उनके रोल पर मीडिया में जिस तरह के कयास लगाए जा रहे हैं वे ग़लत हैं.
बीबीसी से बातचीत में गौतम ने कहा, "मेरा किरदार रवि शास्त्री का नहीं है बल्कि उन जैसे क्रिकेटर से प्रेरित है जो बाद में कमेंटेटर बन गए."
गौतम बताते हैं कि इस किरदार में ढलने के लिए उन्होंने कई दिग्गज खिलाड़ी जैसे, रवी शास्त्री, नवजोत सिंह सिद्धु और टोनी ग्रेग के बोल-चाल से प्रेरणा ली.

इमेज स्रोत, COLOR PR
गौतम गुलाटी की ज़िंदगी में 'बिग बॉस 8' की जीत का ख़िताब करियर में नए रंग लेकर आया, उन्हें कई फ़िल्मों में बतौर मुख्य अभिनेता ऑफर आना शुरू हो गए, पर गौतम की माने तो उन्होंने 'अज़हर' का ही चुनाव किया.
वे कहते हैं, "मुझे अपने अभिनय पर पूरा भरोसा है, लेकिन मैं ऐसी कोई फ़िल्म नहीं करना चाहता था जिसे अच्छी रिलीज़ ही न मिले."

इमेज स्रोत, raindrop
'बिग बॉस' शो के बारे में गौतम कहते है कि जितना फ़ायदा इस शो से उनको हुआ है, उतना शायद ही किसी को हुआ हो.
फ़िल्म 'अज़हर' में अपने किरदार पर वे कहते हैं, "मैं भले ही इस फ़िल्म में छोटा सा किरदार निभा रहा हूं, लेकिन ये फ़िल्म मेरे दर्शकों तक ज़रूर पहुंचेगी. मैं बड़े और अच्छे बैनर के साथ काम करना चाहता हूं."

इमेज स्रोत, raindrop
छोटे पर्दे पर आने वाले धारावाहिक 'दिया और बाती हम' में दिखने वाले गौतम कहते हैं कि वे अब टीवी सीरियल की ओर दोबारा रुख नहीं करेंगे.
फ़िलहाल गौतम फ़िल्मों के अलावा जिमनास्टिक की भी ट्रेनिंग ले रहे हैं और उम्मीद करते हैं कि 'अज़हर' फ़िल्म उनके करियर में एक नई शुरूआत ले कर आएगी.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक </caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link>करें. <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)

























