ऋतिक से अलग होना ही बेहतर था: सुज़ैन

प्रकाशित

सुज़ैन ख़ान ने अभिनेता ऋतिक रोशन से तलाक़ के दो साल बाद इस मामले पर अपनी चुप्पी तोड़ी है.

ऋतिक और सुज़ैन ने साल 2000 में शादी की थी और साल 2013 में उन्होंने अलग होने का फ़ैसला लिया. हालांकि आधिकारिक रूप से 2014 में उनका तलाक़ हुआ था.

दोनों के अलगाव के बाद कई तरह की थ्योरी सामने आईं, पर ऋतिक और सुज़ैन ने चुप्पी बनाए रखी. लेकिन हाल ही में ‘फेमिना’ को दिए एक इंटरव्यू में सुज़ैन ने तलाक़ की वजह बताई है.

उस इंटरव्यू में सुज़ैन ने कहा, ‘‘हम अपने जीवन की उस स्टेज पर पहुंच गए थे, जहां हमारा अलग होना ही बेहतर था.''

उन्होंने कहा, ''सच्चाई से वाकिफ़ होते हुए, झूठे और नक़ली रिश्ते से बाहर आ जाना चाहिए. हम अब भी क़रीबी दोस्त हैं.’’

सुज़ैन और ऋतिक के दो बच्चे ऋहान और ऋदान हैं. सुज़ैन ने कहा, ‘‘हम दोनों के रिश्ते का असर अपने बच्चों पर नहीं पड़ने देते.’’

वो कहती हैं, ‘‘जब बच्चों की बात आती है, तो हम दोनों आपसी मतभेद भुलाकर उन्हें सुरक्षा देते हैं.’’

कंगना और ऋतिक रोशन विवाद को लेकर अप्रैल में सुज़ैन ने ऋतिक के पक्ष में ट्वीट किया था. उन्होंने कहा था कि कंगना के साथ ऋतिक की तस्वीरें फोटोशॉप से बनाई गई हैं.

इसके कुछ समय बाद ऋतिक और सुज़ैन अपने दोनों बच्चों के साथ मुंबई के एक रेस्तरां में दिखाई दिए थे.

ऐसे में, जब बातें दोबारा रिश्ता जुड़ने की उठीं, तो सुज़ैन ने साफ़ किया कि वह दोबारा रिश्ता जोड़ने नहीं जा रही हैं. वे दोनों अच्छे माता-पिता हैं.

ऋतिक रोशन इन दिनों आशुतोष गोवारिकर के निर्देशन में बनी फ़िल्म 'मोहनजोदड़ो' और संजय गुप्ता की 'क़ाबिल' की शूटिंग में व्यस्त हैं.

'मोहनजोदड़ो' 12 अगस्त को रिलीज़ होगी जबकि 'काबिल' 26 जनवरी 2017 में रिलीज़ होगी.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> करें. आप हमें<link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)