इनामी इंजीनियर का गुलाबी कारनामा

इमेज स्रोत, Punjab Police
- Author, दिलनवाज़ पाशा
- पदनाम, बीबीसी संवाददाता
- प्रकाशित
मोहाली के एसएसपी गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बीबीसी को बताया है कि नकली नोटों के साथ तीन लोग गिरफ़्तार किए गए हैं.
गिरफ़्तार लोगों में इंजीनियर अभिनव वर्मा भी हैं जो दृष्टिहीन लोगों की मदद के लिए एक डिवाइस बना कर चर्चा में आए थे.
अभिनव वर्मा को 102वें इंडियन साइंस कांग्रेस में भाषण देने के लिए भी आमंत्रित किया गया था. उन्हें प्रधानमंत्री मोदी से भी मिलवाया गया था.

इमेज स्रोत, Abhinav Verma Facebook
उनके साथ उनकी रिश्ते की बहन विशाखा वर्मा और सुमन नागपाल को भी गिरफ़्तार किया गया है.
पुलिस के मुताबिक़ विशाखा वर्मा और सुमन नागपाल की मदद से अभिनव वर्मा असली नोटों के बदले नकली नोट लोगों को देता था.

इमेज स्रोत, Punjab Police
मामले की जाँच कर रहे मोहाली पुलिस के अधिकारी हरसिमरन एस बल ने बीबीसी को बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि लाल बत्ती लगी एक ऑडी कार में नकली नोट हैं.
पुलिस ने इस सूचना के आधार पर गुरुवार को नाकेबंदी करके अभिनव वर्मा को गिरफ़्तार किया. उनके पास से चालीस लाख से अधिक के नकली नोट बरामद किए गए.
पुलिस के मुताबिक़ अभिनव वर्मा ने हाई क्वालिटी पेपर और स्कैनर और प्रिंटर का इस्तेमाल करके घर पर ही ये नोट छापे थे.

इमेज स्रोत, Abhinav Verma Linkedin
हरसिमरन बल के मुताबिक़ वो पुराने नोटों के बदले तीस प्रतिशत कमीशन लेकर ये नए नकली नोट लोगों को दे रहे थे.
उनके मुताबिक़ तीन लोगों ने अभिनव वर्मा और सहयोगियों के ख़िलाफ़ शिकायत दी है.
पुलिस अभी ये जाँच कर रही है कि अभिनव वर्मा ने कुल कितने रुपए के नोट प्रकाशित किए और क्या वो उन्हें बाज़ार में चला भी पाए या नहीं.

इमेज स्रोत, Punjab Police
पुलिस के मुताबिक़ वर्मा ने उच्च गुणवत्ता के नकली नोट छापे थे जिनके उपर गड्डी में एक असली नोट रख दिया गया था.
फोरेंसिक सबूतों की तलाश के लिए पुलिस ने अभिनव वर्मा के कंप्यूटर, लैपटॉप और सोशल मीडिया अकाउंट भी जब्त किए हैं.
पुलिस उन सब लोगों से पूछताछ करेगी जिनसे अभिनव वर्मा ने संपर्क किए थे.

इमेज स्रोत, AP
पुलिस जांच में सामने आया है कि वर्मा ने मैसूर की पेपर मिल के अधिकारियों से भी संबंध स्थापित किए थे.
पुलिस ये जाँच कर रही है कि मैसूर पेपर मिल में वर्मा किन अधिकारियों के संपर्क में थे.
ये मिल नोट बनाने के लिए भारत सरकार को क़ाग़ज़ सप्लाई करती है.
अभिनव वर्मा और बाक़ी अभियुक्तों को अदालत ने 05 दिसंबर तक पुलिस रिमांड में भेज दिया है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉयड ऐप के लिए यहां क्लिक करें. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)























