अखिलेश की छवि चमकाने के लिए सपा ने रचा नाटक: भाजपा
- Author, नितिन श्रीवास्तव
- पदनाम, बीबीसी संवाददाता
- प्रकाशित
भारतीय जनता पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य का मानना है कि समाजवादी पार्टी का मौजूदा संकट सुनियोजत तरीके से रचा गया 'नाटक' है, जिसका मक़सद मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की छवि चमकाना है.
यह ख़बरें भी देखें:

इमेज स्रोत, KESHAV PRASAD MAURYA FB
बीबीसी से ख़ास बातचीत में उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा के बढ़ते प्रभाव के मद्देनज़र सपा ने यह मान लिया कि अगले चुनाव में उनकी हार तय है. लिहाजा, उन्होंने अखिलेश की छवि चमकाने की नीति अपनाई है.
समाजवादी पार्टी के प्रमुख मुलायम सिंह ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अखिलेश और रामगोपाल यादव को पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित करने का ऐलान किया था, लेकिन 18 घंटे बाद ही इस फैसले को पलट दिया गया.
मौर्य कहते हैं, "पूरा घटनाक्रम नाटक था. जनता इसे पूरी तरह समझती है. वह सपा की साइकिल को पंक्चर ही नहीं करेगी, उसे टुकड़े टुकड़े कर देगी और प्रदेश में कमल खिलेगा."

इमेज स्रोत, AFP
मौर्य ने मुख्यमंत्री पर राज्य का विकास करने में पूरी तरह नाकाम रहने का आरोप लगाते हुए कहते हैं कि उनका कार्यकाल विफलताओं से भरा हुआ है.
उन्होंने कहा, "अखिलेश ने अपने वायदे पूरे नहीं किए, क़ानून व्यवस्था क़ायम करने में नाकाम रहे, युवाओं को रोज़गार नहीं दे सके."
मौर्य के मुताबिक़, समाजवादी पार्टी की सर्वे रिपोर्ट ही कहती है कि चुनाव में उसे 50 से ज़्यादा सीटें नहीं मिलने वाली है. ऐसे में उनके पास इस तरह के नाटक के अलावा कोई चारा नहीं .

























