प्रेस रिव्यू: सेना के एक और जनरल की अनदेखी

Lt Gen Vishwambhar singh
इमेज कैप्शन, लेफ्टिनेंट जनरल विश्वंभर सिंह
प्रकाशित

द हिन्दू अख़बार ने लिखा है कि केंद्र सरकार ने एक बार फिर वरिष्ठता और योग्यता के सिद्धांतों की अनदेखी कर सेना में एक और वरिष्ठ पद पर किसी जूनियर अधिकारी को बैठा दिया है.

मिलिट्री इंजीनियर सर्विसेज और द कॉर्प्स ऑफ इंजीनियर्स का नेतृत्व करनेवाले इंजीनियर इन चीफ़ के पद पर सबसे वरिष्ठ अधिकारी लेफ्टिनेंट जनरल विश्वंभर सिंह की बजाए लेफ्टिनेंट जनरल सुरेश शर्मा को नियुक्त कर दिया है.

एक महीना पहले सरकार ने पूर्वी सैन्य कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल प्रवीण बख़्शी की वरिष्ठता की अनदेखी कर उनसे जूनियर जनरल बिपिन रावत को सेना प्रमुख बना दिया था.

पीटर मुखर्जी और इंद्राणी मुखर्जी
इमेज कैप्शन, पीटर मुखर्जी और इंद्राणी मुखर्जी

हिन्दुस्तान टाइम्स अख़बार की ख़बर के मुताबिक़ शीना बोरा हत्या मामले में मुंबई की विशेष सीबीआई कोर्ट ने अभियुक्त इंद्राणी मुखर्जी, पीटर मुखर्जी और संजीव खन्ना के ख़िलाफ़ हत्या और आपराधिक साज़िश की धाराओं के तहत आरोप तय कर दिए हैं.

अख़बार ने लिखा है कि इंद्राणी मुखर्जी अपने पति पीटर मुखर्जी से तलाक़ लेना चाहती हैं.

अखिलेश यादव
इमेज कैप्शन, मुलायम सिंह यादव, शिवपाल यादव और अखिलेश यादव

हिन्दुस्तान टाइम्स की हेडलाइन ख़बर है- कांग्रेस पार्टी के साथ डील हो गई, अब अखिलेश पिता के साथ शांति क़ायम करना चाहते हैं.

वहीं द हिन्दू अख़बार की हेडलाइन है- सपा कांग्रेस गठबंधन के करीब.

नरेंद्र मोदी

इंडियन एक्सप्रेस अख़बार के मुताबिक़ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पाकिस्तान को दो-टूक संदेश देते हुए कहा है कि यदि वह भारत से वार्ता करना चाहता है तो उसे चरमपंथ से दूर रहना होगा. भारत अकेले शांति के रास्ते पर नहीं चल सकता.

भारत के महत्वाकांक्षी भू-राजनीतिक सम्मेलन रायसीना डायलॉग में 65 देशों के 250 से ज्यादा प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं.

पिछले साल मार्च में रायसीना डायलॉग के सफल आयोजन के बाद विदेश मंत्रालय 'ऑब्जर्वर रिसर्च फाउंडेशन (ओआरएफ) के साथ मिलकर इस सम्मेलन के दूसरे संस्करण का आयोजन कर रहा है.

भूमि अधिग्रहण के खिलाफ प्रदर्शन

इंडियन एक्सप्रेस अख़बार की ख़बर के मुताबिक़ पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना में भांगर इलाक़े में पावर प्लांट के लिए भूमि अधिग्रहण का विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गया और एक व्यक्ति की मौत हो गई है.

भीड़ ने पुलिस की 10 गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया. पुलिस ने गोलीबारी से इनकार किया है और उनका दावा है कि प्रदर्शनकारियों में से ही किसी ने गोली चलाई है.

पुलिस के सूत्रों का कहना है कि वे इसकी जांच कर रहे हैं कि हिंसा में संभावित बाहरी लोगों और माओवादियों की क्या भूमिका है.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)