लैंडमाइन विस्फोट में 7 पुलिसकर्मियों की मौत

लैंडमाइन विस्फोट
    • Author, संदीप साहू
    • पदनाम, भुवनेश्वर से बीबीसी हिंदी डॉट कॉम के लिए
  • प्रकाशित

ओडिशा के कोरापुट ज़िले के सुंकी घाटी में बुधवार शाम हुए एक शक्तिशाली लैंडमाइन विस्फोट में 7 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई. घटना में 5 अन्य पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.

ओडिशा के पुलिस उप महानिरीक्षक एस सैनी ने बीबीसी से बातचीत में इसकी पुष्टि की है.

बुधवार को बारह सहायक पुलिस ड्राइवरों को लेकर एक वैन ट्रेनिंग के लिए कटक स्थित राज्य पुलिस मुख्यालय के लिए रवाना हुई थी. इसी दौरान घाटी के मुंगरभूमि इलाक़े में यह हादसा हुआ.

ओडिशा के पुलिस महानिदेशक केबी सिंह ने बीबीसी को बताया की सभी घायलों को इलाज के लिए विशाखापत्तनम भेजा गया है.

लैंडमाइन विस्फोट

हालांकि अभी तक इस बारे में आधिकारिक रूप से कुछ कहा नहीं गया है लेकिन माना जा रहा है कि यह काम माओवादियों का था.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विस्फोट में पुलिस वैन के परखच्चे उड़ गए और रास्ते पर एक बड़ा गड्ढ़ा हो गया है. इस वजह से राष्ट्रीय राजपथ नंबर 26 पर गाड़ियों की आवाजाही पूरी तरह से ठप हो गई है.

धमाके की जगह के दोनों ओर सैंकड़ों वाहनों के फंसे होने की ख़बर है.

मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा है कि यह 'कायरों' का काम है.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)