प्रेस रिव्यू: बीएचयू की नई प्रॉक्टर ने कहा, लड़कियों के लिए ड्रेस और शराब पर पाबंदी नहीं

इमेज स्रोत, FACEBOOK @ROYANA.SINGH
टाइम्स ऑफ़ इंडिया की एक ख़बर के अनुसार, बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में अब छात्राओं के लिए ड्रेस और शराब को लेकर कोई पाबंदी नहीं होगी.
अख़बार ने नई महिला प्रॉक्टर रोयाना सिंह के हवाले से कहा है, "जहां तक शराब पीने का मामला है, यहां की सभी लड़कियों की उम्र 18 साल से अधिक है, हमें क्यों इस तरह के विचारों पर प्रतिबंध लगाना चाहिए."
प्रॉक्टर ने महिला छात्रावास के मेस में मांसाहारी खाने पर प्रतिबंध से इनकार किया है.
अख़बार ने कहा है कि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफ़ेसर जीसी त्रिपाठी ने कहा है कि अगर उन्हें छुट्टी पर भेजा जाएगा तो वो इस्तीफ़ा दे देंगे.
नवभारत टाइम्स ने लिखा है कि गुजरात में मूंछें रखने पर एक दलित युवक की पिटाई की गई है.
गांधीनगर के रहने वाले 24 वर्षीय पीयुष परमार ने 25 सितम्बर को उनके साथ मारपीट शिकायत दर्ज़ कराई है. शिकायत के अनुसार, "दरबार समुदाय के तीन लोगों को यह पसंद नहीं आया कि दलित समुदाय का युवक स्टायलिश मूंछें रखे."

इमेज स्रोत, AFP
हिंदुस्तान टाइम्स ने लिखा है कि दिल्ली की एक महिला को कथित तौर पर राजस्थान में बीकानेर के बाहरी इलाक़े से अगवा किया गया और 23 पुरुषों ने उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया.
28 साल की महिला ने आरोप लगाया कि वो 25 सितंबर को बीकानेर में अपनी ज़मीन देखने गई थी, वापस आते वक्त वो जयपुर रोड पर दिन में 2.30 बजे बस का इंतज़ार कर रही थी, तभी दो लोगों ने उसे अपनी गाड़ी में खींच लिया.
जयनारायण व्यास कालोनी पुलिस स्टेशन में दी गई शिकायत में उसने कहा कि उसे कुछ खदानों के पास कई घंटों तक घुमाया गया और गाड़ी में रेप किया गया.
उसने कहा कि गाड़ी में दो लोगों ने उसके साथ बलात्कार किया और छह अन्य पुरुषों को भी बुलाया गया. शिकायत में कहा गया है कि उसे सरकार पलाना गांव में पावर सबस्टेशन पर ले जाया गया और उसके साथ अन्य पुरुषों ने रेप किया.

इमेज स्रोत, AFP
द हिंदू ने लिखा है कि बुधवार को मेरठ में अलग-अलग धर्मों के युवक और युवती अदालत में शादी रजिस्टर कराने पहुंचे, लेकिन बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने इसमें बाधा डालने की कोशिश की.
इस जोड़े को अदालत में पेश किया गया तो महिला ने बताया कि उसे अगवा नहीं किया गया था.
ग्रेटर नोएडा की 21 वर्षीय युवती शामली के 24 वर्षीय के युवक के साथ मेरठ गई थी. उन्होंने मेरठ में शादी का रजिस्ट्रेशन कराने का मन बनाया था.
लेकिन इससे पहले ही बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने अदालत में आकर युवक पर हमला करने की कोशिश की. इस जोड़े को बचाने की कोशिश कर रही पुलिस पर बजरंग दल कार्यकर्ता टूट पड़े तो पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा.

इमेज स्रोत, AFP
इंडियन एक्सप्रेस ने लिखा है कि पाकिस्तान भारत सीमा पर अटारी-वाघा नाकों से पाकिस्तान जाने वाली सब्ज़ी और अन्य ख़राब होने वाली चीज़ें को रोका जा रहा है.
आधिकारिक अनुमान के मुताबिक रोज़ाना भारत से सब्ज़ियां और सोयाबीन लेकर 200-250 ट्रक पाकिस्तान जाया करते थे, लेकिन अधिकारियों और व्यापारियों के मुताबिक पिछले कुछ महीनों से ये संख्या घटकर 100 से भी कम हो गई है.
अटारी में तैनात एक वरिष्ठ कस्टम अधिकारी ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया है, "अटारी में भारत की तरफ़ से सभी ज़रूरी प्रक्रिया के तहत क्लियरेंस और औपचारिकताएं की जाती हैं, लेकिन पाकिस्तान में प्रवेश के बाद वहां के क्वारेन्टीन विभाग इन्हें रोक लेते हैं और आगे बाज़ार में जाने नहीं देते हैं."
अटारी में अधिकारियों का कहना है कि पिछले कुछ महीनों में टमाटर, पोल्ट्री और सब्ज़ियों के निर्यात में भारी कमी आई है, लेकिन कपास को नहीं रोका जाता है.

इमेज स्रोत, Getty Images
जनसत्ता ने लिखा है कि रेल मंत्री पीयूष गोयल ने गुरुवार को कहा कि रेलवे प्रभावी और तेज सेवाएं सुनिश्चित करने पर काम कर रहा है.
उन्होंने कहा कि एक नवंबर 2017 से करीब 700 रेलगाड़ियों की गति तेज करने का प्रस्ताव है. इससे 48 मेल एक्सप्रेस रेलगाड़ियों को सुपरफास्ट श्रेणी में बदलने में मदद मिलेगी.
उन्होंने कहा कि शुक्रवार से 100 नई रेल सेवाएं शुरू की जाएंगी. इन 100 सेवाओं में से 32 नई सेवाएं पश्चिमी रेलवे में और 68 सेवाएं मध्य रेलवे में शुरू की जाएंगी.
उन्होंने कहा कि रेलवे की फ्लेक्सी किराया योजना में बदलाव किया जा सकता है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि यात्रियों पर कर का बोझ लादे बगैर राजस्व कमाया जा सके. फ्लेक्सी योजना से एक वर्ष से भी कम समय में रेलवे को 540 करोड़ रुपए की अतिरिक्त कमाई हुई है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए यहां क्लिक करें. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)























