पूर्व बीजेपी सांसद की बेटी का पूरा परिवार करता है खुले में शौच

पूर्व सांसद, दलपत सिंह परास्ते, रूपमति सिंह, खुले में शौच
इमेज कैप्शन, रूपमती सिंह 2016 में दिवंगत हो चुके सांसद दलपत सिंह परास्ते की बेटी हैं
    • Author, शुरैह नियाज़ी
    • पदनाम, भोपाल से, बीबीसी हिंदी के लिए
  • प्रकाशित

मध्यप्रदेश में बीजेपी के पांच बार सांसद रहे दलपत सिंह परास्ते की बेटी रूपमती सिंह मारावी अपने पूरे परिवार के साथ खुले में शौच करती हैं.

सबसे बड़ी बात यह है कि रूपमती सिंह मारावी खुद अनूपपुर ज़िला पंचायत की अध्यक्ष भी हैं.

पंचायत अध्यक्ष हैं रूपमती

रूपमती अपने परिवार के साथ ख़मरोद ज़िले में रहती हैं. वो 2015 में ज़िला पंचायत अध्यक्ष चुनी गई थीं.

जब बीबीसी ने उनसे बात की तो उन्होंने बताया कि अब तक उनके घर के शौचालय का निर्माण अधूरा था जो अब पूरा हो चुका है.

उन्होंने यह माना कि अभी तक वो खुले में शौच के लिये जा रही थी. उन्होंने यह भी कहा कि वो पिता के साथ रहती थी इसलिए उन्हें इसकी ज़रूरत महसूस नहीं हुई.

खुले में शौच के लिए जाती महिलाएं
इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर

1.44 लाख घरों में शौच नहीं

आंकड़े बताते हैं कि ज़िले में अब भी 1.44 लाख घर ऐसे हैं जहां शौचालय नहीं है. वहीं बड़ी तादाद में ऐसे लोग भी हैं जो खुले में शौच के लिए जाते हैं.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वच्छ भारत अभियान के तहत लगातार शौचालय निर्माण पर ज़ोर दे रहे हैं और पिछले 14 सालों से यहां बीजेपी सत्ता में है.

बावजूद इसके, अनूपपुर की ज़िला पंचायत अध्यक्ष का परिवार सहित खुले में शौच करना हैरान करता है.

खुले में शौच जाती एक महिला
इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर

बीजेपी प्रवक्ता क्या कहते हैं?

वहीं मध्य प्रदेश बीजेपी के प्रवक्ता राहुल कोठारी इसे स्वच्छ भारत अभियान की विफलता नहीं मानते हैं.

उन्होंने कहा, "सरकार का पूरा प्रयास है कि जन जागरूकता लाई जाए. लेकिन कहीं न कहीं इस बात की कमी आती है कि जब सामाजिक जागरूकता लाई जाती है तो लोग अपनी पुरानी पद्धति पर ही चलना चाहते हैं."

उन्होंने आगे कहा कि विशेषकर जहां पर पानी की कमी है वहां पर लोग पुराने तरीके से ही चलना चाहते है. लेकिन सरकार ने काफ़ी अच्छा काम किया है और आने वाले समय में इसके और अच्छे परिणाम मिलेंगे.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)