उड़ते प्लेन में खुला प्रेम संबध, पत्नी ने लैंड कराई फ्लाइट

इमेज स्रोत, Getty Images
हिंदुस्तान टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक़ क़तर एयरवेज़ की दोहा से बाली जा रही एक उड़ान को एक ईरानी दंपती के झगड़े की वजह से चेन्नै में आपातकालीन लैंडिग करनी पड़ी. ईरान का जोड़ा छुट्टियां मनाने बाली जा रहा था.
उड़ान के दौरान महिला ने अपने पति का मोबाइल देखा तो उसे पता चला कि उनके पति का किसी और से अफ़ेयर है. ग़ुस्से में पत्नी अपने पति से लड़ने लगी, जिसकी वजह से विमान को चेन्नै में उतरना पड़ा.
इस दंपती और उनके बच्चे को चेन्नै में ही छोड़ने के बाद विमान ने बाली के लिए उड़ान भरी. दरअसल महिला ने अपने सोए हुए पति का मोबाइल उनका अंगूठा लगाकर खोल लिया था.
सीआईएसएफ ने हिन्दुस्तान टाइम्स से कहा कि इस जोड़े के साथ उनका बच्चा भी था. अख़बार के मुताबिक़ इस परिवार को वापस दोहा भेज दिया गया, क्योंकि इनके पास भारतीय वीज़ा नहीं था.
प्लेन में एयरवेज के कर्मियों ने उस महिला को शांत कराने की कोशिश की लेकिन महिला का ग़ुस्सा कम नहीं हुआ. यह परिवार एक दिन चेन्नै एयरपोर्ट पर रहा और फिर उसे मलेशिया भेज दिया गया. क़तर एयरवेज ने निजता का हवाला देकर कोई भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया.

इमेज स्रोत, Getty Images
'द इंडियन एक्सप्रेस' की एक रिपोर्ट के मुताबिक़ उत्तर प्रदेश के गोरखपुर के बीआरडी अस्पताल में बीते पांच दिनों में 70 बच्चों की मौत हुई है. कथित तौर पर मौत के ज़्यादातर मामले समय से पहले जन्म से जुड़े हैं.
सबसे ज़्यादा मौतें तीन नवंबर को हुई हैं. इस दिन अस्पताल में 18 बच्चों की मौत हुई. गोरखपुर का बाबा राघवदास अस्पताल अगस्त में बच्चों की मौत की वजह से सुर्खियों में आया था.
तब पांच दिनों के अंतराल में ही 60 बच्चों की मौत हो गई थी. आरोप लगे थे कि अस्पताल में ऑक्सिजन की कमी की वजह से ये मौतें हुईं थीं.
द टाइम्स ऑफ़ इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में हमले का शिकार हुए जर्मन नागरिक को फ़र्ज़ी वीज़ा पर यात्रा करने के आरोप में गिरफ़्तार कर लिया गया है.
जर्मन पर्यटन ने आरोप लगाया था कि रेलवे में काम करने वाले एक इंजीनियर ने अभिवादन का जवाब न देने पर उन पर हमला कर दिया था. ये घटना रॉबर्ट्सगंज रेलवे स्टेशन की है.
होल्गर एरिक नाम के पर्यटक पर हिमाचल के कुल्लू में एक व्यक्ति पर धारधार हथियार से हमला करने के आरोप हैं. उनका पासपोर्ट अदालत में जमा है. अब उन पर धोखाधड़ी करने और फ़र्ज़ी वीज़ा पर यात्रा करने के आरोप में मुक़दमा दर्ज़ किया गया है.

इमेज स्रोत, Getty Images
द टाइम्स ऑफ़ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक़ चार महीने पहले लागू हुए जीएसटी में 28 प्रतिशत कर की दर में आने वाले क़रीब आधे उत्पादों की कर दर की समीक्षा की जा रही है.
रिपोर्ट के मुताबिक फिटमेंट समिति 150-200 वस्तुओं की जीएसटी दरों में सुधार कर सकती है. कई राज्यों ने जीएसटी दरों में कटौती की मांग की है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)























