प्रेस रिव्यूः अब सेंसर बोर्ड ने लौटाई पद्मावती, रिलीज़ में हो सकती है देरी

पद्मावती
प्रकाशित

अमर उजाला की एक ख़बर के अनुसार, सेंसर बोर्ड ने पद्मावती फ़िल्म को निर्माताओं को लौटा दी है, जिससे इसकी रिलीज़ में देरी की संभावना पैदा हो गई है.

अख़बार ने लिखा है कि फ़िल्म को लौटाने के पीछे बोर्ड ने आवेदन में तकनीकी खामियों को ज़िम्मेदार ठहराया है.

प्रमाण पत्र के लिए फ़िल्म को बोर्ड में पिछले हफ़्ते जमा किया गया था. बोर्ड ने खामियों का हवाला देते हुए इसे दोबारा जमा करने को कहा है.

ये फ़िल्म एक दिसंबर को रिलीज़ होनी है. अख़बार ने सूत्रों के हवाले से लिखा है कि संभावना है कि फ़िल्म को गुजरात चुनावों के बाद ही मंजूरी दी जाए. राज्य में 9 और 14 दिसम्बर को चुनाव होने वाले हैं.

हिंदुस्तान की एक ख़बर के अनुसार, सरकार पीएफ़ के ब्याज़ दरों में कटौती की तैयारी कर रही है. ईपीएफ़ओ का सेंट्रल बोर्ड ऑफ़ ट्रस्टीज़, 23 नवंबर को इस बारे में फैसला लेगा.

अख़बार के अनुसार, माना जा रहा है कि सीबीटी स्थितियों के मद्देनज़र दरों में .15 प्रतिशत की कटौती करेगा. मौजूदा समय में पीएफ़ पर 8.65 प्रतिशत का ब्याज़ मिलता है.

राफेल लड़ाकू विमान

द स्टेट्समैन की ख़बर के अनुसार, रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण ने रफ़ाएल सौदे पर सवाल उठाने को शर्मनाक बताया है. कांग्रेस का आरोप है कि 58,000 करोड़ रुपये के इस सौदे से सरकार ने करदाताओं को अपूर्णीय क्षति पहुंचायी है.

कांग्रेस का कहना है कि इस सौदे में अनिल अंबानी की कंपनी रिलायंस डिफ़ेंस लिमिटेड को एकतरफ़ा तरीक़े से फ्रांसीसी कंपनी का भारतीय साझेदार बनाया गया. कांग्रेस ने ये भी आरोप लगाया है कि इस सौदे को काफ़ी ऊंची क़ीमत में तय किया गया. हालांकि सीतारमण ने इन आरोपों को राजनीति से प्रेरित क़रार दिया.

हिंदुस्तान टाइम्स की एक ख़बर के अनुसार, विरोध के बीच दिल्ली के दयाल सिंह (इवनिंग) कॉलेज का नाम बदलकर वंदे मातरम महाविद्यालय करने का फैसला लिया गया है. कॉलेज की गवर्निंग बॉडी में इस बारे में फैसला लिया गया और इस प्रस्ताव को यूजीसी को भेजा जाएगा.

'इंडियन एक्सप्रेस' की एक ख़बर के अनुसार, उत्तर प्रदेश में एक बीमार गाय को वेटेनरी अस्पताल तक पहुंचाने के लिए कोई ट्रक ड्राइवर तैयार नहीं है.

गाय

अख़बार के अनुसार, 24 साल की ज्योति ठाकुर बेंगलुरू में काम करती हैं और मेरठ की रहने वाली हैं, जहां उनकी एक गाय बीमार हो गई और चिकित्सकों ने इसे बरेली के इंडियन वेटेनरी रिसर्च इंस्टीट्यूट ले जाने की सलाह दी.

ज्योति का कहना है कि कोई भी ट्रक ड्राईवर ले जाने को तैयार नहीं है. इसके लिए वो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, राजनाथ सिंह, अरुण जेटली, स्मृति ईरानी समेत कई नेताओं से गुहार लगाई लेकिन कोई जवाब नहीं आया.

इंडियन एक्सप्रेस में छपी एक ख़बर के अनुसार, अमरीका में एच1बी वीज़ा के तहत विदेशियों को दिए जाने वाले न्यूनतम मेहनताने को बढ़ाने वाले एक बिल पर चर्चा हो रही है जिसका सीधा असर भारत पर पड़ सकता है.

प्रस्तावित बिल के अनुसार न्यूनतम वेतन को 60 हज़ार डॉलर से बढ़ा कर 90 हज़ार डॉलर किया जा सकता है, जिससे इस वीज़ा के ज़रिए अमरीका में काम करने वाले भारतीयों पर असर पड़ सकता है.

माओवादी
इमेज कैप्शन, फ़ाइल फ़ोटो

द हिंदू की एक ख़बर के अनुसार, गृह मंत्रालय ने छत्तीसगढ़ की रमन सरकार से फर्जी माओवादी सरेंडर को लेकर सावधानी बरतने को कहा है.

अख़बार के अनुसार, गृह मंत्रालय का आंकड़ा कहता है कि देश में 2016 में कुल 1442 आत्मसमर्पण हुए, जिनमें 1167 सिर्फ छत्तीसगढ़ से हैं. लेकिन स्क्रीनिंग कमेटी ने पाया कि आत्मसमर्पण किए 99 प्रतिशत लोगों ने माओवादी कैडर की परिभाषा तक नहीं जानते थे.

'जनसत्ता' में छपी एक ख़बर के अनुसार प्रवासियों को और भारतीय मूल के पीआइओ (पर्सन ऑफ़ इंडियन ओरिजिन) के लिए आधार कार्ड को बैंक सेवाओं और अन्य सुविधाओं से जोड़ना अनिवार्य नहीं है.

अख़बार के अनुसार, भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण का कहना है कि मनी लॉन्ड्रिंग नियम 2017 और आयकर अधिनियम के तहत उन्हीं लोगों को बैंक खातों और पैन को आधार नंबर से जोड़ना अनिवार्य है जो आधार नामांकन के पात्र हैं.

मेट्रो स्टेशन

'डेली पायोनियर' में छपी ख़बर के अनुसार सीआईएसएफ का कहना है कि मेट्रो स्टेशनों के सुनसान इलाकों में सुरक्षा को बढ़ाया जाएगा. सीआईएसएफ ने महिला कमांडो और त्वरित प्रतिक्रिया दलों को मेट्रो स्टेशनों के अंधेरे और सुनसान क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने का निर्देश दिया है.

इससे पहले दिल्ली के आईटीओ स्टेशन पर एक महिला पत्रकार से छेड़छाड़ का मामला सामने आया था.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)