प्रेस रिव्यू: हाफ़िज़ सईद की संयुक्त राष्ट्र में अपील

हाफ़िज़ सईद
प्रकाशित

लश्कर-ए-तैयबा के संस्थापक और जमात-उद-दावा प्रमुख हाफ़िज़ सईद चरमपंथियों की सूची से ख़ुद को बाहर करने की मांग लेकर संयुक्त राष्ट्र गए हैं.

अंग्रेज़ी अख़बार हिंदुस्तान टाइम्स के मुताबिक, हाफ़िज़ सईद की याचिका लाहौर की एक लॉ फ़र्म ने संयुक्त राष्ट्र में दायर की है.

संयुक्त राष्ट्र में हाफ़िज़ के वकील बैरिस्टर हैदर रसूल मिर्ज़ा ने इस बात की पुष्टि की है, हालांकि उन्होंने और कोई भी जानकारी देने से इनकार किया है.

मुंबई हमलों के कथित मास्टरमाइंड हाफ़िज़ सईद को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने चरमपंथियों की सूची में डाल रखा है.

प्रतीकात्मक तस्वीर
इमेज कैप्शन, प्रतीकात्मक तस्वीर

पूर्वोत्तर भारत के लिए बीजेपी की भारत माता

साड़ी पहने, हाथ में तिरंगा लिए और शेर पर बैठी महिला की तस्वीर को भारत माता के रूप में चिन्हित किया जाता है.

लेकिन हाल में बीजेपी ने चार आदिवासी समुदायों की पारंपरिक पोशाक में भारत माता की तस्वीर जारी की है.

द इंडियन एक्सप्रेस अख़बार में छपी ख़बर के अनुसार, अगले साल त्रिपुरा में विधानसभा चुनाव होने हैं जिसके मद्देनज़र बीजेपी ने यह तस्वीर जारी की है.

पार्टी की योजना पूर्वोत्तर भारत के हर एक आदिवासी समुदाय के लिए भारत माता की तस्वीर जारी करने की है.

आधार कार्ड

आधार जोड़ने की बढ़ सकती है तारीख़

बैंक खातों, फोन नंबर और दूसरी सरकारी योजनाओं से आधार जोड़ने की अंतिम तिथि पर केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट से कहा है कि इसको अगले साल 31 मार्च तक भी किया जा सकता है.

हिंदुस्तान टाइम्स के अनुसार, 12 संख्याओं के आधार नंबर को बैंक खातों से जोड़ने की अंतिम तिथि 31 दिसंबर 2017 और फोन नंबर से जोड़ने की अंतिम तिथि 6 फरवरी 2018 है.

सुप्रीम कोर्ट ने याचिकाकर्ता की कल्याणकारी योजनाओं के लिए आधार अनिवार्यता पर रोक लगाने की मांग को नहीं माना है.

आधार मामले पर सुप्रीम कोर्ट की संवैधानिक पीठ अगले हफ़्ते तक कोई बड़ा फ़ैसला दे सकती है.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए यहां क्लिक करें. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)