प्रेस रिव्यू: अब इंडियन टीम में नहीं दिखेगी 10 नंबर जर्सी

सचिन तेंडुलकर
प्रकाशित

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने 'अनाधिकारिक' तौर पर अंतरराष्ट्रीय मैचों से 10 नंबर की जर्सी को रिटायर करने का फ़ैसला किया है.

पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंडुलकर 10 नंबर की जर्सी को अपने अंतरराष्ट्रीय वनडे और टी-20 मैचों में पहना करते थे.

अंग्रेज़ी अख़बार द इंडियन एक्सप्रेस को बीसीसीआई सूत्रों ने कहा है कि इंडिया-ए और दूसरे लिस्ट-ए मैचों में इस नंबर की जर्सी पहनी जा सकेगी.

गौरतलब है कि तेज़ गेंदबाज शार्दुल ठाकुर ने श्रीलंका के ख़िलाफ अपने पदार्पण मैच में दस नंबर की जर्सी पहनी थी जिसके बाद उन्हें सोशल मीडिया पर ट्रोल किया गया.पैग़म्बर मोहम्मद पर हुई 'ग़लती' से भड़की हिंसा

जस्टिस दलवीर भंडारी
इमेज कैप्शन, जस्टिस दलवीर भंडारी

ऑटो से घर पहुंचे जस्टिस भंडारी

हाल ही में इंटरनैशनल कोर्ट ऑफ जस्टिस में दोबारा जज बनने वाले भारतीय जस्टिस दलवीर भंडारी मंगलवार को जोधपुर (राजस्थान) स्थित अपनी पुश्तैनी मकान में रिक्शे से पहुंचे.

दैनिक भास्कर के अनुसार, जोधपुर आए भंडारी को उनके नज़दीकी परिजनों ने शहर के भीतरी हिस्से में पुश्तैनी मकान पर चलने का निमंत्रण दिया तो वह प्रोटोकॉल छोड़कर ऑटो में बैठकर वहां पहुंच गए.

दलवीर भंडारी हेग स्थित अंतरराष्ट्रीय न्यायालय में ब्रिटेन को पीछे छोड़कर दोबारा न्यायाधीश चुने गए हैं. अंतरराष्ट्रीय न्यायालय सयुंक्त राष्ट्र की प्रमुख कानूनी संस्था है जिसका काम दुनिया के तमाम देशों के बीच जारी कानूनी विवाद की सुनवाई करना है.

प्याज़

जल्द और रुलाएगा प्याज़

उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, प्याज़ की कम सप्लाई के कारण दिल्ली में मंगलवार को प्याज़ के ख़ुदरा दाम 63 रुपये किलो तक पहुंच गए.

हिंदुस्तान टाइम्स के अनुसार, सिर्फ़ दिल्ली ही नहीं पूर्वी भारत के कोलकाता और रांची में इसके दाम 55 रुपये किलो के आसपास हैं.

अगस्त में इसी प्याज़ के दाम 27 रुपये किलो थे लेकिन ख़रीफ़ के मौसम में प्याज़ की बुआई में 29 फ़ीसदी की गिरावट आने के बाद इसके दाम में उछाल आए हैं.

प्याज़ के दाम आगे भी बढ़ सकते हैं.

हदिया जहां

'परिवार में आतंकी नहीं चाहता'

केरल के हादिया केस में सुप्रीम कोर्ट द्वारा उन्हें माता-पिता की कस्टडी से निकालकर वापस होम्योपैथी मेडिकल कॉलेज में पढ़ाई के लिए भेजने के बाद उनके पिता केएम अशोकन ने इसका स्वागत किया है.

जनसत्ता में छपी ख़बर के अनुसार, हादिया के पिता ने कहा कि वह अपने परिवार में किसी आतंकवादी को नहीं चाहते.

उन्होंने कहा कि उनकी बेटी हादिया इस्लाम में धर्मांतरित होने के बाद सीरिया जाना चाहती हैं.

ट्रक
इमेज कैप्शन, प्रतीकात्मक तस्वीर

कैंटर के अंदर 6 लोगों की मौत

दिल्ली कैंट इलाके में गाड़ी के भीतर तंदूर जलाकर सो रहे छह युवकों की दम घुटने से मौत हो गई.

हिंदुस्तान अख़बार में छपी ख़बर के अनुसार, सभी युवक कैटरिंग का काम करते थे. सोमवार को समारोह ख़त्म होने के बाद वे गाड़ी में जाकर सो गए थे.

सभी युवकों की उम्र 25 से 35 साल के बीच बताई जा रही है. पुलिस को यह पता चला है कि मरने वाले सभी कर्मचारी कैटरिंग कंपनी में दिहाड़ी पर काम करते थे.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए यहां क्लिक करें. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)