लालू यादव का दावा, महागठबंधन में लौटना चाहते थे नीतीश: आज की पांच बड़ी ख़बरें

लालू यादव, नीतीश कुमार
प्रकाशित
पढ़ने का समय: 4 मिनट

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव ने अपनी किताब 'गोपालगंज टु रायसीनाः माइ पॉलिटिकल जर्नी' में दावा किया है कि नीतीश कुमार महागठबंधन छोड़ने के छह महीने के भीतर ही उसमें वापसी करना चाहते थे.

नलिन वर्मा के साथ मिलकर लिखी गई इस किताब में लालू ने दावा किया है कि नीतीश ने उस दरम्यान प्रशांत किशोर को उनके पास पांच बार भेजा था, 'लेकिन मैंने मना कर दिया.'

हालांकि जेडीयू के महासचिव केसी त्यागी ने लालू यादव के दावे को झूठा बताते हुए कहा है कि 2017 में गठबंधन से अलग होने के बाद से नीतीश कुमार ने कभी आरजेडी से इस बाबत संपर्क नहीं किया है.

क्रिश्चियन मिशेल
इमेज कैप्शन, क्रिश्चियन मिशेल

ऑगस्ता वेस्टलैंडः ईडी की चार्जशीट में एक बड़े नेता का नाम

ऑगस्ता वेस्टलैंड केस में प्रवर्तन निदेशालय ने गुरुवार को अपनी चौथी चार्जशीट फाइल की है. जांच एजेंसी ने तीन हज़ार पन्नों के अपने आरोपपत्र में तीन नए नाम शामिल किए हैं.

पूर्व में तीन आरोप पत्र में ईडी ने 38 नाम पहले से दर्ज किये हैं.

चार्जशीट में ईडी ने कहा है, 'मिशेल के मुताबिक डायरी में दर्ज 'AP' का मतलब एक प्रमुख नेता से है."

अगस्ता वेस्टलैंड हेलीकॉप्टर ख़रीद मामले में कथित तौर पर बिचौलिए की भूमिका निभाने वाले क्रिश्चियन मिशेल को बीते वर्ष 5 दिसंबर को दुबई से भारत प्रत्यर्पित किया गया था.

प्रवीण निषाद
इमेज कैप्शन, प्रवीण निषाद

निषाद पार्टी के एनडीए से गठबंधन पर अखिलेश ने कहा, 'घाटे का सौदा'

लोकसभा चुनाव 2019 से पहले उत्तर प्रदेश में निषाद पार्टी ने नेशनल डेमोक्रैटिक अलायंस यानी एनडीए से गठबंधन किया है.

साथ ही गोरखपुर से वर्तमान सांसद प्रवीण निषाद बीजेपी में शामिल हो गए हैं. गोरखपुर लोकसभा उपचुनाव के दौरान समाजवादी पार्टी ने प्रवीण निषाद को उतारा था.

निषाद पार्टी के बीजेपी के साथ जाने को एसपी-बीएसपी-आरएलडी गठबंधन के लिए झटका माना जा रहा है. हालांकि समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इसे घाटे का सौदा बताया है.

उन्होंने ट्वीट किया कि जनता ने सांसद को नहीं उनके पीछे एकजुट महागठबंधन को जिताया था.

छोड़िए X पोस्ट
X सामग्री की इजाज़त?

इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

चेतावनी: तीसरे पक्ष की सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

पोस्ट X समाप्त

2016 में बनी निषाद पार्टी का निषाद, केवट, मल्लाह, बेलदार और बिंद बिरादरियों में अच्छा असर माना जाता है. गोरखपुर समेत 16 लोकसभा सीटों पर निषाद समुदाय के वोट जीत-हार पर असर डाल सकते हैं.

KAMALNATH, कमलनाथ

मुख्यमंत्री कमलनाथ के बेटे को छिंदवाड़ा से टिकट

लोकसभा चुनाव 2019 के लिए कांग्रेस ने गुरुवार को मध्यप्रदेश की 12 सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान किया. इसमें सबसे अहम नाम है मुख्यमंत्री कमलनाथ के बेटे नकुल नाथ का, जिन्हें छिंदवाड़ा से टिकट दिया गया है.

खुद मुख्यमंत्री कमलनाथ छिंदवाड़ा से 10 बार लोकसभा सदस्य रहे. मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने यह सीट छोड़ दी थी. अब वे छिंदवाड़ा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे. 1996 में इसी सीट से उनकी पत्नी अलका नाथ भी सांसद रह चुकी हैं.

वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह के बेटे अजय सिंह राहुल को सीधी सीट से टिकट दिया गया है. जबकि खंडवा लोकसभा सीट से अरुण यादव कांग्रेस के उम्मीदवार होंगे.

कबीर पंथ की आवाज़ प्रहलाद टिपानिया को देवास और विवेक तन्खा को जबलपुर से टिकट मिला है. पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्रीनिवास तिवारी के पौत्र सिद्धार्थ तिवारी को रीवा से उम्मीदवार बनाया गया.

मध्य प्रदेश की 29 लोकसभा सीटों पर चार चरणों में 11 अप्रैल से 19 मई के बीच वोट डाले जाएंगे. कांग्रेस अब तक 22 सीटों पर नामों का ऐलान कर चुकी है.

डोनल्ड ट्रंप

मैक्सिको की सीमा बंद करने से पीछे हटे ट्रंप

राष्ट्रपति ट्रंप अगले सप्ताह मैक्सिको के साथ लगी सीमा को बंद करने की अपनी चेतावनी से पीछे हट गए हैं.

ट्रंप ने कहा है कि वो मैक्सिको को ड्रग्स और मानव तस्करी के ख़िलाफ़ कार्रवाई करने के लिए एक साल का वक़्त देंगे.

रिपब्लिकन नेताओं ने चेताया है कि सीमा बंद करने का अमरीकी अर्थव्यवस्था पर व्यापक असर होगा.

व्हाइट हाउस में राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा, "हमारे सीमा बंद करने की बात करने के बाद बीते तीन चार दिनों में मैक्सिको ने बहुत अच्छा काम किया है. जो वास्तविक भी है. लेकिन इससे भी अधिक वास्तविक ये है कि हम मैक्सिको से देश में आ रही कारों पर 25 फ़ीसदी कर लगा रहे हैं. मुझे नहीं लगता कि हमे कभी सीमा बंद करनी पड़ेगी क्योंकि मैक्सिको से अमरीका आ रही कारों पर करों की मार ही काफ़ी होगी."

राष्ट्रपति ट्रंप ने अमरीका में प्रवासियों के प्रवेश को रोकने के लिए कांग्रेस और मध्य अमरीकी सरकारों को कठोर कदम उठाने की चेतावनी देते हुए मंगलवार को कहा था कि वह अमरीका-मैक्सिको सीमा को बंद करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं. ट्रम्प ने कहा था, ''सीमा पर राष्ट्रीय आपत स्थिति है.''

उन्होंने कहा था कि अगर मैक्सिको ने अपने क्षेत्र से प्रवासियों को भेजना बंद नहीं किया और अगर कांग्रेस ने कोई कदम नहीं उठाए तो ''सीमा पूरी तरह बंद कर दी जाएंगी.''

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)