आदित्यनाथ नामक वायरस से यूपी में विकास हैंग: कांग्रेस- पढ़ें पांच बड़ी ख़बरें

योगी आदित्यनाथ
प्रकाशित
पढ़ने का समय: 3 मिनट

कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 'मुस्लिम लीग वायरस' वाली टिप्पणी पर पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि 'आदित्यनाथ नामक वायरस' से देश की सर्वाधिक आबादी वाले राज्य में विकास 'हैंग' हो गया है.

कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने संवाददाताओं से कहा, ''सच्चाई यह है कि योगी आदित्यनाथ नामक के वायरस ने उत्तर प्रदेश के विकास को हैंग कर दिया है. उपचुनाव में जनता ने इस वायरस को ठीक करने की कोशिश की और अब लोकसभा चुनाव में इसे पूरी तरह साफ़ कर देगी.''

उन्होंने दावा किया, ''समस्या यह है कि योगी आदित्यनाथ को इतिहास और भूगोल के बारे में कुछ पता नहीं है. बीजेपी के मातृ संगठन ने भारत के विभाजन का प्रस्ताव पारित करने वाले फजलुल हक़ की मुस्लिम लीग के साथ मिलकर 1942 में बंगाल में सरकार बनाई थी.''

सुरजेवाला ने सवाल किया कि क्या वह अपने पूर्वजों के बारे में बात कर रहे हैं?

इससे पहले योगी ने ट्वीट के जरिये कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, ''मुस्लिम लीग एक वायरस है. एक ऐसा वायरस जिससे कोई संक्रमित हो गया तो वो बच नहीं सकता और आज तो मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ही इससे संक्रमित हो चुका है. सोचिये अगर ये जीत गए तो क्या होगा? ये वायरस पूरे देश मे फैल जाएगा.''

छोड़िए X पोस्ट
X सामग्री की इजाज़त?

इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

चेतावनी: तीसरे पक्ष की सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

पोस्ट X समाप्त

चुनाव आयोग, लोकसभा चुनाव 2019

कोलकाता पुलिस आयुक्त का तबादला

चुनाव आयोग ने कोलकाता पुलिस कमिश्नर समेत पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के कई क़रीबी पुलिस अफ़सरों का तबादला कर दिया है.

आयोग ने आंध्र प्रदेश के मुख्य सचिव अनिल चन्द्र पुनेठा को भी तत्काल हटाने के आदेश दिए हैं.

आयोग ने कोलकाता के पुलिस आयुक्त अनुज शर्मा के साथ ही बिधाननगर के पुलिस आयुक्त ज्ञानवंत सिंह का भी ट्रांसफर किया गया है.

प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के एडीजी डॉ. राजेश कुमार को कोलकाता का नया पुलिस आयुक्त बनाया गया है, जबकि एडीजी और आईजीपी (संचालन) नटराजन रमेश बाबू को बिधाननगर का पुलिस आयुक्त बनाया है.

शिवराज सिंह चौहान

किसानों की कर्ज़ माफ़ी का राहुल का दावा झूठ: शिवराज सिंह चौहान

वरिष्ठ बीजेपी नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज चौहान ने मध्य प्रदेश में कांग्रेस के सत्ता में आने के कुछ ही दिनों के अंदर कृषि ऋण माफ़ कर दिये जाने के राहुल गांधी के बयान को झूठा बताया है.

चौहान ने आरोप लगाया कि कमलनाथ सरकार के शासन में किसान आत्महत्या करने के लिए मजबूर हो रहे हैं.

मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि गांधी ने हाल ही में दावा किया था कि पार्टी के सत्ता में आने के दस दिन के अंदर ही चुनावी वादे के मुताबिक ऋण माफ़ कर दिये गए.

उन्होंने कहा, ''इस झूठ की बेशर्मी इस बात से स्पष्ट है कि उनकी पार्टी के सत्ता में 100 दिन से अधिक हो जाने के बावजूद ऋणमाफी के लिए आवेदन कर रहे किसानों से कहा जा रहा है कि अनुरोध पर गौर नहीं किया जा सकता क्योंकि आदर्श आचार संहिता लागू है.''

नरेंद्र मोदी

लोकसभा चुनाव 2019: शनिवार की हलचल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को तीन राज्यों ओडिशा, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ में जनसभाओं को संबोधित करेंगे.

यह भी संभावना जताई जा रही है कि शनिवार को ही शत्रुघ्न सिन्हा राहुल गांधी से मुलाक़ात करेंगे और उनके कांग्रेस में शामिल होने की घोषणा होगी.

उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव भी शनिवार को लोकसभा चुनाव के लिए कन्नौज से नामांकन भरेंगी.

वहीं बिहार में बीजेपी सांसद गिरिराज सिंह बेगूसराय से नामांकन भरेंगे.

US Vice President Mike Pence
इमेज कैप्शन, अमरीकी उपराष्ट्रपति माइकल पेंस

अमरीका ने वेनेज़ुएला की तेल कंपनी पर प्रतिबंध लगाया

अमरीका ने वेनेज़ुएला की एक सरकारी तेल कंपनी और दो अन्य कंपनियों के 34 मालवाहक पोतों पर प्रतिबंध लगा दिये हैं.

साथ ही वेनेज़ुएला से क्यूबा तेल पहुंचाने वाले एक जहाज पर भी प्रतिबंध लगाये गये हैं.

अमरीकी उप-राष्ट्रपति माइक पेंस ने कहा कि इन प्रतिबंधों से निकोलस मादुरो सरकार की आय का मुख्य स्रोत प्रभावित होगा.

उन्होंने कहा, "अमरीका वेनेज़ुएला में लोकतंत्र के लिए एक शांतिपूर्ण बदलाव लाने के लिए सभी राजनयिक और आर्थिक दबाव जारी रखेगा, हमारी उम्मीद बनी हुई है. अगले बुधवार को मैं वेनेज़ुएला की स्थिति पर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद को संबोधित करूंगा."

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)