जम्मू में आरएसएस नेता चंद्रकांत शर्मा और उनके अंगरक्षक की हत्या

इमेज स्रोत, MOHIT KANDHARI/BBC
- Author, मोहित कांधारी
- पदनाम, जम्मू से बीबीसी हिंदी के लिए
- प्रकाशित
जम्मू के किश्तवाड़ में मंगलवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के एक नेता और उनके अंगरक्षक की अस्पताल में गोली मारकर हत्या कर दी गई.
पुलिस के अनुसार हथियारबंद हमलावरों ने ज़िला अस्पताल के मुख्य द्वार के बाहर दोनों को पास से गोली मारी.
सुरक्षा कर्मी की मौके पर ही मौत हो गई जबकि आरएसएस नेता चंद्रकांत शर्मा को जम्मू के सरकारी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया जहां उनकी मौत हो गई.
चंद्रकांत किश्तवाड़ ज़िला अस्पताल में ही फार्मासिस्ट थे.
घटना के बाद इलाक़े में प्रदर्शन होने लगे और तनाव को देखते हुए ज़िला मजिस्ट्रेट के आदेश से किश्तवाड़ में कर्फ्यू लगा दिया गया है.

इमेज स्रोत, MOHIT KANDHARI/BBC
संवेदनशील इलाकों में सेना ने फ्लैग मार्च किया.
बीबीसी से बात करते हुए ज़िला मजिस्ट्रेट अंग्रेज़ सिंह राना ने कहा, "किश्तवाड़ और आसपास के इलाकों में कानून व्यवस्था के मद्देनज़र कर्फ्यू लगा दिया गया है."
जम्मू में बीजेपी के प्रवक्ता पारिमोक्ष सेठ ने कहा कि चंद्रकांत आरएसएस के वरिष्ठ नेता थे और पिछले 30 सालों से किश्तवाड़ में सक्रिय थे.
सेठ ने कहा कि चंद्रकात पर पहले भी दो हमले हुए थे लेकिन इस बार क़रीब से गोली मारने के कारण वो गंभीर रूप से ज़ख्मी हो गए और उनकी मौत हो गई.

इमेज स्रोत, MOHIT KANDHARI/BBC
नवंबर 2018 में एक वरिष्ठ बीजेपी नेता अनिल परिहार और उनके भाई अजित परिहार की गोली मार कर हत्या कर दी गई थी.
वे किश्तवाड़ में अपनी दुकान से घर लौट रहे थे, उसी समय अज्ञात लोगों ने हमला किया.
किश्तवाड़ ज़िला उधमपुर संसदीय क्षेत्र में आता है, जहां से पीएमओ में राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं.

इमेज स्रोत, MOHIT KANDHARI/BBC
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)

























