कर्नाटक: ट्रेनों पर चरमपंथी हमले की अफ़वाह फैलाने वाला गिरफ़्तार

कर्नाटक पुलिस
    • Author, इमरान कुरैशी
    • पदनाम, बीबीसी हिंदी के लिए
  • प्रकाशित

ग़लत सूचना से सनसनी फैलाने के आरोप में बेंगलुरु ग्रामीण पुलिस ने एक ट्रक ड्राइवर को गिरफ़्तार किया है.

एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, 65 साल के एक पूर्व सैनिक ने शुक्रवार शाम बेंगलुरु शहर के पुलिस कंट्रोल रूम को फोन किया और बताया कि रामनाथपुरम में चरमपंथी आ गए हैं.

उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम को ये भी बताया कि चरमपंथी दक्षिण भारत में ट्रेनों को निशाना बना सकते हैं.

इस कॉल के बाद कर्नाटक पुलिस महानिदेशक नीलमणि राजू ने तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र और गोवा के डीजीपी को इस बारे में अलर्ट भेज दिया.

नीलमणि राजू ने संदेश में लिखा कि ट्रक चालक ने तमिल और टूटी फूटी हिंदी में बात की और ये भी कहा है कि वो बेंगलुरु के सीमावर्ती शहर होसुर जा रहे थे.

ड्राइवर ने खुद का नाम स्वामी सुंदरमूर्ति बताया और रामनाथपुरम में कथित रूप से उतरे चरमपंथियों की संख्या 19 बताई थी.

बेंगलुरु ग्रामीण पुलिस के एक अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर बीबीसी हिंदी से कहा, "हमने उन्हें अवलाहल्ली में पकड़ा है और आगे की कार्रवाई के लिए सिटी पुलिस को सौंप दिया गया है."

ट्रक ड्राइवर की कॉल के बाद कर्नाटक में ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई और जांच की जा रही थी.

श्रीलंका में हुए विस्फोट के बाद पुलिस ने ड्राइवर की कॉल को संज़ीदगी से लिया और जांच शुरू कर दी.

श्रीलंका में बीते रविवार हुए विस्फोट में कम से कम 11 भारतीय मारे गए थे, जिनमें से 10 बेंगलुरु से थे. एक घायल को इलाज के लिए बेंगलुरु लाया गया है.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)