बीजेपी पर मीडिया को रिश्वत देने के आरोपः प्रेस रिव्यू

इमेज स्रोत, Getty Images
मीडिया को रिश्वत देने के मामले में बीजेपी के ख़िलाफ़ एफ़आईआर हो सकती है.
यह मामला जम्मू कश्मीर के लेह ज़िले का है. इंडियन एक्सप्रेस में प्रकाशित इस खबर के अनुसार जम्मू-कश्मीर के बीजेपी नेताओं पर आरोप लगे थे कि उन्होंने लद्दाख़ इलाक़े में मीडिया के लोगों को लिफ़ाफ़े में पैसे रखकर दिए थे ताकि वे उनके पक्ष में ख़बर प्रकाशित करें.
इस मामले की शुरुआती जांच में ये आरोप सही पाए गए हैं. लेह ज़िले की चुनाव अधिकारी अवनी लवासा जिन्होंने मामले की जांच के आदेश दिए थे उन्होंने कहा है कि वो मंगलवार को इस मामले में एफ़आईआर करने के सिलसिले में ज़िला अदालत गईं.

इमेज स्रोत, AVNY LAVASA/ FACEBOOK
हालांकि अदालत ने अभी तक इस पर कोई आदेश जारी नहीं किया. अवनी लवासा का कहना है कि यह मामला आचार संहिता के उल्लघंन के साथ-साथ आपराधिक भी है. अवनी लवासा चुनाव आयुक्त अशोक लवासा की बेटी हैं.
आतिशी का धर्म बताने पर मनीष सिसोदिया को नोटिस
पूर्वी दिल्ली से आम आदमी पार्टी की प्रत्याशी आतिशी का धर्म बताने वाला ट्वीट करने पर दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को नोटिस जारी किया गया है.
हिंदुस्तान में प्रकाशित इस समाचार के अनुसार क्षेत्र के निर्वाचन अधिकारी ने इसे आचार संहिता का उल्लंघन माना है और बुधवार तक जवाब देने के लिए कहा है.
सिसोदिया ने 27 अप्रैल को एक ट्वीट किया था जिसमें उन्होंने भाजपा और कांग्रेस पर आतिशी के धर्म के नाम पर झूठ फैलाने का आरोप लगाया था और लिखा था कि आतिशी राजपूतानी-क्षत्राणी हैं.
इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
पोस्ट X समाप्त
दो छात्रों को मिले 100 फीसदी अंक
अलग-अलग बोर्ड परीक्षाओं के नतीजे लगातार सामने आ रहे हैं. मंगलवार को काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन ने 10वीं (आईसीएसई) और 12वीं (आईएससी) के नतीजे घोषित कर दिए.
दैनिक भास्कर में प्रकाशित समाचार के अनुसार आईएससी बोर्ड की 12वीं की परीक्षा में दो छात्रों को 100 फीसदी अंक प्राप्त हुए हैं. यह अपने-आप में पहला मामला है जब छात्रों ने पूरे अंक प्राप्त किए हैं.
कोलकाता के देवांग अग्रवाल और बेंगलुरू की विभा स्वामीनाथन 12वीं में 100% अंक लाकर टॉप किया है. इससे पहले सीबीएसई के घोषित हुए नतीजों में परीक्षा में 12वीं की टॉपर ने 500 में से 499 अंक प्राप्त किए थे.
सेप्टिक टैंक की सफ़ाई के दौरान दो की मौत

दिल्ली में सीवेज की सफ़ाई के दौरान सफ़ाईकर्मियों की मौत का सिलसिला अभी भी जारी है.
नवभारत टाइम्स में प्रकाशित समाचार के अनुसार उत्तर-पश्चिम दिल्ली के रोहिणी इलाक़े में मंगलवार को सेप्टिक टैंक की सफ़ाई के दौरान दो सफ़ाईकर्मियों की मौत हो गई.
यहां ज़हरीली गैस की चपेट में पांच सफ़ाईकर्मी बेहोश हो गए थे जिन्हें संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया था.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)



























