राहुल गांधी विपक्षी नेताओं संग जाएंगे कश्मीर : प्रेस रिव्यू

इमेज स्रोत, Getty Images
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी शनिवार को कई दूसरे विपक्षी नेताओं के साथ कश्मीर दौरे पर जाएंगे.
दैनिक हिंदुस्तान ने सूत्रों के हवाले से यह ख़बर प्रकाशित की है. अख़बार के मुताबिक राहुल गाधी के साथ कांग्रेस नेता गुलाम नबी आज़ाद, आनंद शर्मा, भाकपा नेता डी राजा, माकपा नेता सीताराम येचुरी, राजद नेता मनोज झा और एनसीपी नेता माजिद मेनन भी शनिवार दोपहर श्रीनगर पहुंचेंगे.
हालांकि प्रशासन ने बयान जारी कर राजनेताओं से घाटी की यात्रा नहीं करने को कहा है. उनका कहना है इससे आम जनजीवन बहाल करने में बाधा पहुंचेगी.

इमेज स्रोत, Getty Images
इस अख़बार की एक अन्य ख़बर है कि अयोध्या विवादित ढांचा मामले की सुनवाई कर रहे एक विशेष न्यायाधीश ने उच्चतम न्यायालय से अपने लिए सुरक्षा की अपील की है. इस मामले में बीजेपी नेता लालकृषण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी और उमा भारती अभियुक्त हैं.
मिड डे मिल में नमक रोटी बांटने वाले शिक्षक निलंबित
सोशल मीडिया पर एक प्राथमिक विद्यालय का वीडियो वायरल है. इस वीडियो में बच्चों को रोटी के साथ नमक परोसा जा रहा था. जमालपुर विकास खंड के इस प्राथमिक विद्यालय में बच्चों को नमक रोटी दिये जाने के मामले में डीएम अनुराग पटेल ने बीएसए को कारण बताओ नोटिस जारी किया है.
इस ख़बर को अमर उजाला अख़बार ने प्रमुखता से प्रकाशित किया है.

इमेज स्रोत, Thinkstock
स्कूल के वॉशरूम में छह साल की बच्ची से रेप
रायपुर के एक सरकारी स्कूल में छह साल की बच्ची के साथ कथित रेप की ख़बर को हिंदुस्तान टाइम्स ने पहले पन्ने पर प्रकाशित किया है.
पुलिस का कहना है कि बच्ची के साथ स्कूल में ही पढ़ने वाले तीन छात्रों कथित तौर पर रेप किया. पुलिस के मुताबिक़, "यह घटना 20 अगस्त की है. पीड़िता ने जो बयान दिया है उसके अनुसार साथ में पढ़ने वाले ही दो छात्रों ने उसके साथ रेप किया. जबकि एक छात्र निगरानी के लिए खड़ा था."

इमेज स्रोत, Reuters
कांग्रेस में मोदी की तारीफ़ करने वाले बढ़े
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पक्ष में एक बयान दिया था. उन्होंने कहा था कि उन्हें हर बार नकारात्मक दृष्टि से ही देखना सही नहीं है. अब उनके इस बयान के समर्थन में अभिषेक मनु सिंघवी और शशि थरूर भी आ गए हैं.
सिंघवी ने कहा कि काम का मूल्यांकन व्यक्ति नहीं, मुद्दों के आधार पर होना चाहिए. मोदी को खलनायक की तरह पेश करना ग़लत है, ऐसा करके विपक्ष एक तरह से उनकी मदद करता है.
वहीं थरूर ने कहा कि मैं छह साल से कह रहा हूं कि मोदी जब भी कुछ अच्छा कहते हैं या सही चीज़ करते हैं तो उनकी तारीफ़ करनी चाहिए. इस ख़बर को नवभारत टाइम्स ने पहले पन्ने पर प्रकाशित किया है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)

























