`पाक से हो रही है घुसपैठ की तैयारी'

गृहमंत्री का कहना है कि चरमपंथी गुट भारत में अफरातफ़री फैलाने की तैयारी कर रहे हैं.
इमेज कैप्शन, गृहमंत्री का कहना है कि चरमपंथी गुट भारत में अफरातफ़री फैलाने की तैयारी कर रहे हैं.
प्रकाशित

गृहमंत्री पी चिदंबरम ने कहा है कि पाकिस्तान स्थित कुछ चरमपंथी गुट भारत में दहशत और अफरातफ़री फैलाने की नीयत से घुसपैठ करने की तैयारी कर रहे हैं.

गृहमंत्री ने पाकिस्तान की मौजूदा हालत पर भी चिंता जताई है और कहा है कि इन दिनों तालिबान पाकिस्तान में जहां चाहे वहां हमले कर सकता है और अगर इसे नहीं रोका गया तो ख़तरा पूरे दक्षिण एशिया में फैलने का डर है.

समाचार एजेंसी पीटीआई को दिए साक्षात्कार में चिदंबरम ने कहा है कि लश्कर ए तैबा, जैश ए मोहम्मद और हिज़्बुल मुजाहिदीन जैसे संगठन अफरातफ़री फैलाने के उद्देश्य से भारत में घुसपैठ करने की तैयारी कर रहे हैं.

उनका कहना था, `` ख़ुफ़िया जानकारी कहती है कि ये संगठन घुसपैठ की कोशिश कर रहे हैं और ज़ाहिर है कि वो पर्यटन के उद्देश्य से नहीं आ रहे.’’

गृहमंत्री ने कहा कि देश हर ख़तरे से निपटने को तैयार है और ये तैयारी हर दिन, हर हफ़्ते, हर महीने मज़बूत हो रही है.

उनका कहना था कि ख़तरे का श्रोत अगर किसी और देश में हो तो अपने ही देश में सुरक्षा सुदृढ़ की जा सकती है और भारत यही कर रहा है.

चिदंबरम का कहना था कि मुंबई हमलों के लिए ज़िम्मेदार लोगों को सज़ा दिलवाने की पाकिस्तान की कतई मंशा नहीं है.

उन्होंने कहा कि उन्हें पहले भी पाकिस्तान की मंशा पर संदेह रहा है और अभी भी वो जारी है.

पाकिस्तान की स्थिति पर चिंता जताते हुए चिदंबरम ने कहा, ``मुझे पाकिस्तान के लिए दुख होता है. पेशावर हो, इस्लामाबाद हो या रावलपिंडी हो, तालिबान जहां चाहे वहां हमला कर रहा है.’’

उनका कहना था,``अगर इसे (तालिबान के ख़तरे को) नहीं रोका गया तो ये ख़तरा दक्षिण एशिया तक फैलेगा और ज़ाहिर है भविष्य में भारत को भी निशाना बनाया जा सकता है.’’