ट्रेन पटरी से उतरी, तीन की मौत

- Author, नारायण बारेठ
- पदनाम, बीबीसी संवाददाता, जयपुर
- प्रकाशित
राजस्थान के जोधपुर से दिल्ली के लिए रवाना हुई मंडोर एक्सप्रेस ट्रेन के 14-15 डिब्बे पटरी से उतर गए हैं.
रेलवे प्रशासन ने कम से कम तीन व्यक्तियों के मारे जाने और 20 लोगों के मारे जाने की पुष्टि की है.
हताहतों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई गई है.
रेलवे अधिकारियों के अनुसार राहत और बचाव दल घटनास्थल पर पहुँच गया है.
अधिकारियों का कहना है कि इंजिन से लगे वातानुकूलित डिब्बों को सबसे अधिक नुक़सान पहुँचा है.
उन्होंने बताया कि अभी एक डिब्बे को काटा जा रहा है जिससे कि उसमें फँसे यात्रियों को निकाला जा सके.
कहा जा रहा है कि इसके बाद ही हताहतों की संख्या का ठीक-ठीक पता चल सकेगा.
पटरियाँ उखड़ गईं
यह हादसा रात एक बजे के बाद उस समय हुआ जब ट्रेन को जयपुर से निकले कुछ ही समय हुआ था.
दुर्घटना बस्सी स्टेशन के पास हुई है, जो जयपुर से लगभग 40 किलोमीटर दूर है.
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है लेकिन पटरियाँ उखड़ गई हैं और डिब्बों को बहुत नुक़सान पहुँचा है.
यात्रियों को जयपुर लाने के लिए राज्य परिवहन की बसों का इंतज़ाम किया गया है.

























