मुलायम सिंह पर बरसे कल्याण

कल्याण सिंह, मुलायम सिंह
इमेज कैप्शन, कल्याण सिंह और मुलायम सिंह दोनों अब एक दूसरे पर निशाना साध रहे हैं
प्रकाशित

समाजवादी पार्टी के नेता मुलायम सिंह यादव के बयान का कल्याण सिंह ने कड़ा जवाब दिया है और उनके बेटे राजबीर सिंह ने समाजवादी पार्टी के महासचिव पद से इस्तीफ़ा दे दिया है.

उल्लेखनीय है कि फ़िरोज़ाबाद में हार के बाद मुलायम सिंह ने कहा था कि कल्याण सिंह न तो कभी उनकी पार्टी में थे और न ही आगे कभी उन्हें पार्टी में लाया जाएगा.

राजबीर सिंह ने कहा कि इस बयान के बाद समाजवादी पार्टी में रहने का कोई मतलब नहीं है.

कल्याण सिंह ने लखनऊ में पत्रकारों से बातचीत में मुलायम सिंह को आड़े हाथों लिया और कहा,'' फ़िरोज़ाबाद की हार के बाद मुलायम मानसिक संतुलन खो बैठे हैं, बौखला गए हैं और अपनी फितरत पर आ गए हैं.''

कल्याण सिंह का कहना था कि उनकी ये बहुत बड़ी ग़लती थी कि वो मुलायम की फितरत को नहीं समझ पाए.

उनका कहना था कि मुलायम ने जो लोकसभा सीटें जीतीं हैं, उनमें नौ सीटें उन्होंने जितवाईं हैं.

मुलायम पर बरसे

मुलायम ने कहा कि कल्याण को समाजवादी पार्टी के सम्मेलन में शामिल होने का न्योता भूल से चला गया था.

इस पर कल्याण सिंह ने कहा कि लोक सभा चुनावों के दौरान मुलायम सिंह ने उनके कार्यक्रम लगाए, उनको हेलिकॉप्टर दिया और जिस चिट्ठी को वो ग़लती से भेजने की बात वो कर रहे हैं, उसको रामगोपाल यादव ने भेजा था और कहा कि आपके उदबोधन से पार्टी को लाभ मिलेगा.

उन्होंने इस बात से इनकार किया कि उनकी वजह से समाजवादी पार्टी का मुस्लिम मतदाता छिटक गया है.

कल्याण सिंह का कहना था कि फ़िरोज़ाबाद उपचुनाव में न तो यादव वोट और न ही अन्य पिछड़ा वर्ग का वोट उन्हें मिला, इसलिए ये कहना उचित नहीं है.

उल्लेखनीय है कि हाल ही में उत्तर प्रदेश में हुए विधानसभा और फ़िरोज़ाबाद लोकसभा सीट के उपचुनाव में सपा की हार हुई थी.

फ़िरोज़ाबाद सीट से मुलायम सिंह की पुत्रवधू डिंपल यादव चुनाव मैदान में थीं.

कांग्रेस के उम्मीदवार और फ़िल्म अभिनेता राज बब्बर ने उन्हें 85 हज़ार से अधिक वोटों से शिकस्त दी थी.