इस वर्ष सौ ब्रितानी सैनिक मारे गए

अफ़ग़ानिस्तान में इस साल अब तक सौ ब्रितानी सैनिक मारे गए हैं.
द रॉयल एंगलिकन रेजिमेंट की पहली बटालियन के एक जवान की हेलमंद प्रांत में दुर्घटना के बाद मौत हो गई. वो इस साल मारे जाने वाले सौवें जवान थे.
अफ़ग़ानिस्तान में अक्तूबर 2001 के बाद अब तक 237 ब्रितानी सैनिक मारे गए हैं.
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री गोर्डन ब्राउन ने अपने किसी भी जवान की मौत को व्यक्तिगत क्षति बताया है.
उनका कहना है, "मैं और पूरे देश की भावनाएँ अफ़ग़ानिस्तान में हताहत होने वाले हर ब्रितानी सैनिक के परिजनों और दोस्तों के साथ है."
कंजर्वेटिव पार्टी के नेता डेविड कैमरून ने कहा कि ये बहुत ही दुखद संख्या है जिससे पता चलता है कि अफ़ग़ानिस्तान में ब्रितानी सैनिक रोज़ाना किस तरह के ख़तरे झेलते हैं.
कैमरून हाल ही में हेलमंद प्रांत का दौरा करके लौटे हैं. ब्रिटेन के ज़्यादातर सैनिकों की मौत इसी प्रांत में हुई है.
ब्राउन ने हाल ही में पाँच सौ और सैनिकों को अफ़ग़ानिस्तान भेजने की घोषणा की है. इसके साथ वहां कुल ब्रितानी सैनिकों की संख्या बढ़ कर दस हज़ार से ज़्यादा हो जाएगी.

























