हैदराबाद में हमला, एक की मौत

मक्का मस्जिद में तीन साल पहले हमला हुआ था
इमेज कैप्शन, मक्का मस्जिद में तीन साल पहले हमला हुआ था
प्रकाशित

आंध्रप्रदेश की राजधानी हैदराबाद में हुए हमले में एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई है. ये हमला शाहअलीबंदा में किया गया जो जामा मस्जिद के नज़दीक है.

बीबीसी संवाददाता उमर फ़ारूक़ के मुताबिक हमला उस समय हुआ जब जुमे की नमाज़ के बाद वहाँ दो पुलिसवाले तैनात थे और मोटरसाइकल पर सवार दो लोगों ने उनपर हमला कर दिया. इसमें यू रमेश नाम के एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई.

पुलिस कमिशनर एके खान ने कहा है कि पुलिस को निशाना बनाया गया है.

18 मई को मक्का मस्जिद में हुए विस्फोट की तीसरी बरसी है जिसमें छह लोग मारे गए थे. ताज़ा हमले को इसी संदर्भ में देखा जा रहा है.

इसे देखते हुए हैदराबाद में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं क्योंकि पिछले साल बरसी के दिन पुलिस पर गोलीबारी हुई थी.

दरअसल मक्का मस्जिद विस्फोट के बाद जब उत्तेजित मुसलमानों की भीड़ बाहर निकली थी तो पुलिस फ़ायरिंग में नौ और लोग मारे गए थे.

पिछले एक महीने से हैदराबाद में अलर्ट घोषित किया गया है और जगह-जगह तलाशी ली जा रही थी.

पिछले हफ़्ते ही पुलिस ने ज़िया-उल-हक़ नाम के एक व्यक्ति को गिरफ़्तार किया था. पुलिस का दावा था कि उसे पाकिस्तान से प्रशिक्षण मिला है.