हेडली से सात दिन पूछताछ हुई

डेविड हेडली
इमेज कैप्शन, हेडली पाकिस्तानी मूल के अमरीकी नागरिक हैं
प्रकाशित

भारतीय अधिकारियों ने मुंबई में नवंबर 2008 में हुए हमलों के शक में अमरीका में गिरफ़्तार हुए पाकिस्तानी मूल के अभियुक्त डेविड हेडली से सात दिन पूछताछ की है. मुंबई में हुए हमलों में 170 से अधिक लोग मारे गए थे और अनेक अन्य घायल हुए थे.

समाचार एजेंसियों के अनुसार भारतीय अधिकारियों के हेडली से शिकागो में पूछताछ करने पर किसी तरह की कोई पांबदियाँ नहीं लगाई गई थीं.

लेकिन दोनों देशों की जाँच प्रक्रिया और उससे मिली जानकारी के महत्व को देखते हुए पूछताछ के ब्योरे को गुप्त रखा गया है.

पाकिस्तानी मूल के अमरीकी नागरिक डेविड हेडली ने इस साल मार्च में अमरीकी जाँचकर्ताओं के समक्ष मुंबई हमलों और डेनमार्क के एक अख़बार पर हमले करने की साज़िश को आरोपों को स्वीकार किया था.

ग़ौरतलब है कि अमरीका में फ़िलहाल ये मुकदमा जारी है और किसी न्यायलय ने अभी तक उन्हें दोषी नहीं ठहराया है.

'किसी तरह की पाबंदी नहीं थी'

समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार अमरीकी न्याय मंत्रलाय के एक बयान में कहा गया है, "किस तरह के सवाल पूछे जा सकते हैं, इस बारे में भारतीय जाँचकर्ताओं पर किसी तरह की पाबंदी नहीं थी. तीन जून को शुरु हुई पूछताछ पिछले बुधवार तक चली. अमरीका और भारत में चल रही जाँच के महत्व को देखते हुए जाँच के ब्योरे को सार्वजनिक न करने का फ़ैसला किया गया है."

अमरीकी न्याय मंत्रालय ने कहा है कि भारत और अमरीका के बीच सहयोग और साझेदारी के मद्देनज़र भारतीय जाँचकर्ताओं को हेडली से सीधे पूछताछ करने की इजाज़त दी गई.

इससे पहले अमरीकी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेम्स जोन्स ने कहा था, "हमें ख़ुशी है कि आतंकवादी गतिविधियों के इस दौर में, दोनों देश साथ मिलकर ये सुनिश्चित कर सकते हैं कि जानकारी का तेज़ी से आदान-प्रदान हो......यदि मैं आतंकवादी हूँ तो मुझे इससे संकेत मिलेगा कि भारत और अमरीका ख़ासे सहयोग के साथ काम कर रहे हैं. इससे मेरा सफल होना बहुत मुश्किल हो जाएगा और ये अच्छी बात है."

समाचार एजेंसियों के अनुसार भारत की राष्ट्रीय जाँच एजेंसी (एनआईए) के चार सदस्यों की टीम ने पूछताछ की है. इस टीम का नेतृत्व लोकनाथ बहेरा ने किया.