चुनाव नतीजे रहस्यमय: लालू

राष्ट्रीय जनता दल अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने बिहार के चुनाव परिणामों को रहस्यमय बताते हुए कहा है कि इसकी छानबीन और पूरी समीक्षा करेंगे.
चुनाव परिणाम को जादुई बताते हुए लालू प्रसाद यादव ने कहा, “बिहार में रहस्य ज़्यादा दिन नहीं छिपता है और जिस तरह से हमारी हार हुई है हम उसका पता लगाएंगे.”
नीतीश कुमार को उनकी जीत पर बधाई देते हुए लालू प्रसाद ने कहा कि जनता के जनादेश का वो आदर करते हैं लेकिन इसकी पूरी समीक्षा करनी होगी.
लालू प्रसाद यादव की आरजेडी और राम विलास पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी गठबंधन को इन चुनावों में करारी हार का सामना करना पड़ा है और उन्हें 35 से भी कम सीट मिलने के आसार हैं.
यहां तक की लालू प्रसाद यादव की पत्नी पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी दो विधानसभा सीटों से खड़ी हुई थीं और वो दोनों ही सीटों पर हार गई हैं.
रामविलास पासवान का कहना था कि उनके दिग्गज उम्मीदवारों को पता नहीं चल पा रहा है कि ये सब कैसे हुआ.
उनका कहना था, “हम तो फ़िलहाल इतना ही कह सकते हैं कि नीतीश के छल-प्रपंच के बारे में हम लोगों को समझा नहीं पाए.”
पासवान का कहना था कि विकास के हव्वा में भ्रष्टाचार का मामला दब गया.
उन्होंने कहा, “नीतीश ने अपने पहले कार्यकाल में एक आधारशिला रखने की बात की है अब देखते हैं कि दूसरे में वो कौन सा महल खड़ा करते हैं.”

लालू प्रसाद एक बार मीडिया पर भी बरसे और कहा, “अब तो संतुष्टि हो गई आपको.”
वहीं रामविलास पासवान ने कहा कि नीतीश जनता को थोड़ी देर के लिए तो गुमराह कर सकते हैं लेकिन हमेशा के लिए नहीं.
इसके पहले एक अन्य संवाददाता सम्मेलन में नीतीश कुमार ने विपक्ष से सहयोग की उम्मीद जताई थी और कहा था कि अब प्रतिस्पर्धा इस बात की होनी चाहिए कि काम कौन ज़्यादा करता है.
अब विपक्षी की गिनीचुनी ताक़त पर बोलते हुए पासवान ने कहा, “अगले पांच सालों में तो नीतीश ये भी नहीं कह सकते कि विपक्ष ने उनकी राह में रोड़े अटकाए और इसलिए हम मीडिया के ज़रिए उनके काम पर नज़र रखेंगे.”

























