साईं बाबा के स्वास्थ्य में सुधार

इमेज स्रोत, BBC World Service
- Author, उमर फ़ारूक़
- पदनाम, बीबीसी संवाददाता, हैदराबाद
- प्रकाशित
सत्य साईं बाबा का इलाज कर रहे डॉक्टरों ने कहा है कि उनकी हालत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है.
श्री सत्य साईं अस्पताल के निदेशक एएन सफ़ाया ने बुधवार की सुबह जारी किए गए बुलेटिन में कहा है कि 85 वर्षीय साईं बाबा का ब्लड प्रेशर और हृदय गति सामान्य है लेकिन गुर्दे ठीक ढंग से काम नहीं कर रहे हैं इसलिए उन्हें डायलिसिस पर रखा गया है.
डॉक्टरों का कहना है कि सांस लेने में कठिनाई की वजह से उन्हें अभी भी वेंटिलेटर पर रखा गया है. इस बीच पुट्टपर्ति में तनाव बना हुआ है और साईं बाबा के हज़ारों भक्त बेचैनी के साथ साईं बाबा का हाल जानने के लिए उत्सुक हैं जबकि पुलिस उन्हें अस्पताल से दूर रखने की कोशिश कर रही है.
वहाँ मंगलवार को भक्तों की भीड़ की वजह से तनाव का माहौल बन गया था और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए निषेधाज्ञा लागू करनी पड़ी थी.
पुरानी मूर्ति फिर स्थापित
भक्त अपने अपने अंदाज़ में साईं बाबा के जल्द ठीक होने के लिए पूजा प्रार्थना में लगे हैं.
एक नाटकीय घटना में पुट्टपर्ति की सैंकड़ों महिलाओं ने एक स्थानीय मंदिर में हाल ही में स्थापित की गई सत्यम्मा देवी की मूर्ति को हटाकर उसकी जगह पुरानी मूर्ति फिर से लगा दी है.
पुरानी मूर्ति को उस समय हटाया गया था जब उसे कुछ नुकसान पहुँचा था.
इस आस्था के साथ कि पुरानी मूर्ति हटाने से ही पुट्टपर्ति पर संकट आ रहा है और साईं बाबा का स्वास्थ बिगड़ गया है सैंकड़ों महिलाओं ने स्थानीय तालाब में रात भर खोजने के बाद पुरानी मूर्ति ढूँढ़ निकली और उसे दोबारा मंदिर में स्थापित कर दिया.
इस जुलूस में हजारों महिलाएँ उपस्थित थीं.
कुछ महिलाओं का कहना था कि सत्यम्मा देवी उनके सपने में आई थीं और उन्होंने ही पुरानी मूर्ति वापस लगाने का आदेश दिया था.

























