यमन में आठ प्रदर्शनकारियों की मौत

इमेज स्रोत, AP
यमन में सरकार विरोधी प्रदर्शनकारियों पर सुरक्षा बलों की गोलीबारी में कम से कम आठ लोगों के मारे जाने की ख़बर है.
प्रत्यक्षदर्शियों और डॉक्टरों का कहना है कि राजधानी सना में प्रदर्शनकारियों पर गोलियाँ चलाने वाले कुछ सुरक्षाकर्मी सादी वर्दी में भी थे.
इस घटना में दर्जनों अन्य प्रदर्शनकारी घायल भी हुए हैं.
अभी एक दिन पहले ही यमन में सरकार और विपक्षी दलों के बीच इस बात पर सहमति बनी थी कि राष्ट्रपति अली अब्दुल्ला सालेह 30 दिनों के भीतर गद्दी छोड़ देंगे.
राष्ट्रपति सालेह पर मुक़दमा नहीं चलेगा
खाड़ी सहयोग परिषद की मध्यस्थता में हुए समझौते में ये भी तय हुआ है कि जल्दी पद छोड़ने के बदले राष्ट्रपति पर कोई मुक़दमा नहीं चलाया जाएगा. प्रदर्शनकारियों का ग़ुस्सा इसी बात को लेकर है.
यमन में जनवरी में सरकार विरोधी विद्रोह शुरू होने के बाद से 130 लोग सुरक्षा बलों की गोलियों का शिकार बन चुके हैं.
बुधवार को सना के अलावा दक्षिणी बंदरगाह शहर अदन में भी एक प्रदर्शनकारी की मौत हुई है.





















