मोदी पर फैसला जल्द, बस इंतजार कीजिए: बीजेपी

भारतीय जनता पार्टी ने गोवा में अपनी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के आखिरी दिन कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी को नई जिम्मेदारी दिए जाने के फ़ैसले पर जल्द ही घोषणा की जाएगी.
बीजेपी प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने बताया कि दो दिन तक चली राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में एक राजनीतिक प्रस्ताव पारित किया गया है.
इस प्रस्ताव में यूपीए सरकार के बीते चार साल के शासन की आलोचना की गई है. शाहनवाज ने कहा कि इस दौरान देश की अर्थव्यवस्था का बुरा हाल हुआ है.
बीजेपी प्रवक्ता के अनुसार मौजूदा हालात में देश की जनता के लिए बीजेपी ही विकल्प हो सकती है.
मोदी पर फैसला जल्द
मोदी के बारे में पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि उम्मीद पर दुनिया कायम है. उन्होंने कहा, ''कार्यकर्ताओं की अपेक्षाओं की अनदेखी नहीं की जा सकती है. इसीलिए बैठक खत्म होने का इंतजार करें.''
उन्होंने कहा कि बीजेपी भाग्यशाली है कि उसे लाल कृष्ण आडवाणी और अटल बिहारी वाजपेयी जैसे नेता मिले हैं. उन्होंने कहा कि आडवाणी सेहत ठीक न होने की वजह से बैठक में नहीं आ पाए हैं.
राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि मोदी को आम चुनावों के लिए बड़ी जिम्मेदारी दिए जाने के फैसले से नाराज आडवाणी ने बैठक से किनारा किया है.
अटकलें लग रही हैं कि मोदी को आम चुनावों के लिए प्रचार समिति का प्रमुख बनाया जा सकता है, हालांकि बताया जा रहा है कि पार्टी के भीतर ही कुछ नेता इसका विरोध कर रहे हैं.

























