ख़ुर्शीद ने 'नपुंसक' वाले बयान को सही ठहराया

इमेज स्रोत, AFP
नरेंद्र मोदी को 'नपुंसक' कहने के बयान पर विवाद होने के बाद विदेश मंत्री सलमान ख़ुर्शीद ने कहा कि वह अपने बयान पर अब भी कायम हैं.
ख़ुर्शीद ने पत्रकारों से कहा कि हिन्दी में राजनीतिक भाषा में नपुंसक का प्रयोग ऐसे आदमी के लिए होता है जो वो काम करने में असमर्थ या अक्षम रहा जिसे करने की उससे उम्मीद की जाती है.
ख़ुर्शीद ने कहा, "मोदी ख़ुद इसका निर्णय करें कि जो हुआ वो उनकी मर्जी से हुआ या वो उसे रोकने में विफल रहे. अगर सक्षम नहीं थे तो राजनीतिक हस्तक्षेप करने के मामले में नपुंसक रहे."
वहीं भारतीय जनता पार्टी खुर्शीद के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि 'वह भारत की तहज़ीब, मर्यादा और संस्कृति को भूल गए हैं'.
भाजपा नेता शाहनवाज़ हुसैन ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, "भाजपा इस बयान की कठोर निंदा करती है."
ख़़ुर्शीद ने फर्रुख़ाबाद में एक जनसभा में कहा था, "हमारा आरोप ये नहीं है कि तुमने लोगों को मरवाया है, हमारा आरोप है कि तुम नपुंसक हो...तुम मारने वालों को रोक नहीं पाए...चलो कभी दंगा फसाद हो जाता है, आदमी नहीं रोक पाता है, बात समझ में आती है...तो कहो कि हम असहाय थे, हम नहीं रोक पाए....बस इतना ही कह दो."
राहुल दें जवाब

इमेज स्रोत, Agencies
उन्होंने कहा, "तुम भारत के प्रधानमंत्री बनना चाहते हो और गोधरा नहीं रोक पाए. कोई आया और मारकर चला गया, तुम रोक नहीं पाए...तुम इतने मजबूत आदमी हो. नहीं रोक पाए समझ आता है लेकिन उसके बाद दंगे-फसाद होते रहे दस दिन... तुम उनको भी नहीं रोक पाए."
ख़ुर्शीद ने मोदी सरकार में मंत्री रहीं माया कोडनानी को साल 2002 के दंगों के संबंध में हाईकोर्ट से मिली आजीवन कारावास की सज़ा पर भी टिप्पणी की.
उन्होंने कहा, "तुम अपने एक मंत्री माया कोडनानी को नहीं रोक पाए. जो नरोदा पटिया जाती हैं और लोगों को मरवाती हैं."
ख़ुर्शीद के बयान पर भाजपा नेताओं ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है.
शाहनवाज ने कहा, "राहुल गांधी जवाब दें कि क्या उन्होंने कांग्रेस के नेता और प्रवक्ताओं को यही ट्रेनिंग दी है कि जब वह नरेंद्र भाई से लड़ नहीं पा रहे हैं तो गाली-गलौज की भाषा का प्रयोग करते हैं."
भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने ख़ुर्शीद के बयान पर टिप्पणी करते हुए एएनआई से कहा, "ये कांग्रेस की बौखलाहट का नमूना है. कांग्रेस ने जैसा किया है वैसा भरने के लिए तैयार रहना चाहिए, इसमें इतना घबराने की क्या बात है."
<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="http://www.bbc.co.uk/hindi/multimedia/2013/03/130311_bbc_hindi_android_app_pn.shtml " platform="highweb"/></link> करें. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi " platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi " platform="highweb"/></link> पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)</bold>

























