रुड़की में धमाका, छात्र की मौत

इमेज स्रोत, SHIV JOSHI
- Author, शिव जोशी
- पदनाम, देहरादून से बीबीसी हिंदी डॉट कॉम के लिए
- प्रकाशित
उत्तराखंड के हरिद्वार ज़िले की रुड़की तहसील में शनिवार को हुए बम विस्फोट में दस साल के छात्र की मौत हो गई है.
पुलिस के मुताबिक़ विस्फोट केएल डीएवी डिग्री कॉलेज से 20 मीटर दूर हुआ.
स्थानीय टीवी पत्रकार धर्मेद्र चौधरी ने पुलिस अधिकारियों के हवाले से बीबीसी को बताया कि धमाका इतना ज़बर्दस्त था कि इसकी गूंज दूर तक सुनाई दी.
विस्फोट स्थल के पास डिग्री कॉलेज मे शौर्य दिवस नामक जनसभा थी, जिसे भाजपा विधायक संगीत सोम संबोधित करने वाले थे.
विस्फोट में मारे गए बच्चे का नाम तुषार (10) बताया गया है, जो कि रुड़की के कृष्णा नगर इलाक़े का रहने वाला था.
पुलिस मुख्यालय से आईजी रामसिंह मीणा घटनास्थल पर भेजे गए हैं.
बस्ते में बम?

इमेज स्रोत, PTI
मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा है कि जांच के बाद ही कुछ साफ़ होगा कि हादसा कैसे हुआ. उनके मुताबिक़ पुलिस मामले की तह तक जाने की कोशिश करेगी.
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक़ बच्चा स्कूल से घर लौट रहा था और डिग्री कॉलेज से जुड़ी गली में दाखिल होते ही उसके कंधे पर टंगे बस्ते में रखा बम फटा और बच्चे ने वहीं पर दम तोड़ दिया.
कहा जा रहा है कि यह सेना का इस्तेमाल किया डिफ्यूज़्ड बम हो सकता है जो बच्चे के हाथ लग गया और उसने उसे बस्ते में रख लिया हो.
पुलिस घटना के जनसभा से संबंध होने की बात भी नकार रही है.
जनसभा गली के दूसरे छोर पर बदस्तूर जारी रही. पुलिस ने पहुंचकर उसे रुकवाया.
<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए <link type="page"><caption> यहां क्लिक करें</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link>. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)</bold>

























