न्यूज अलर्ट: बिहार में नज़रें राजभवन पर

सोमवार को सुर्ख़ियों में रहने वाली ख़बरों में बिहार का सियासी संकट, कश्मीर में अलगाववादियों की हड़ताल और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम शामिल हैं.
बिहार में जारी राजनीतिक उठापटक को लेकर आज नजरें राजभवन पर टिकी रहने की संभावना है.
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल केशरी नाथ त्रिपाठी बिहार के कार्यवाहक राज्यपाल है और आज वो पटना जाएंगे.
देखने वाली बात होगी कि वो जेडीयू नेता नीतीश कुमार को सरकार बनाने का मौका देंगे या फिर मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी को विश्वासमत हासिल करने को कहेंगे.

इमेज स्रोत, AP
कश्मीर घाटी में आज अलगवादियों ने हड़ताल बुलाई है. ये हड़ताल संसद पर हमले के लिए दो साल पहले आज के दिन फांसी पर चढ़ाए गए अफ़ज़ल गुरु की बरसी के मौके पर बुलाई गई है.
असम में आज नगर निकाय के चुनाव हो रहे हैं और मुख्य मुकाबला कांग्रेस और भाजपा के बीच है. आज राज्य भर के कुल 74 नगर निकायों में लोग अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे.
महाराष्ट्र कांग्रेस आज राज्य भर में 'रास्ता रोको' अभियान चलाएगी. राज्य कांग्रेस ईकाई का आरोप है कि केंद्र सरकार सूखा प्रभावित क्षेत्रों के किसानो को राहत देने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेल के घटे दामों का पूरा फायदा उपभोक्ताओं तक पहुंचाने में नाकाम रही है.
अंतरराष्ट्रीय खबरें

इमेज स्रोत, AFP
ब्रसेल्स में यूरोपीय संघ के विदेश मंत्री यूक्रेन संकट के कारण रूस के ख़िलाफ़ लगने वाले नए प्रतिबंधों को मंज़ूरी देने के लिए आज बैठक करेंगे. इस बैठक में पैरिस हमलों के बाद चरमपंथी के ख़िलाफ़ लड़ाई के विषय में भी चर्चा होगी.
अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा व्हाइट हाउस में जर्मन चांसलर एंगेला मर्कल का स्वागत करेंगे जहां दोनों नेताओं के बीच यूक्रेन युद्ध, रूस से तनाव और आतंकवाद से निपटने की रणनीति पर चर्चा होगी.
ग्रीस की संसद में आज ग्रीसे के प्रधानमंत्री एलेक्सिस त्सीप्रास की नई सरकार की नीतियों पर चर्चा होगी. मंगलवार को नई सरकार विश्वासमत पेश कर सकती है.

इमेज स्रोत, Getty
वहीं रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन आज से मिस्र के दो दिवसीय दौरे होंगे. वहां वो मिस्र से संबंध मजबूत करने के अलावा इराक, सीरिया, लीबिया और इस्राइल फलस्तीनी विवाद पर भी चर्चा करेंगे.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां <link type="page"><caption> क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> कर सकते हैं. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)

























