लालू सहमत, नीतीश हैं सीएम पद के उम्मीदवार

नीतीश कुमार
प्रकाशित

बिहार में लालू यादव और नीतीश कुमार की पार्टियां मिलकर चुनाव मैदान में उतरेंगी और कांग्रेस भी इस गठबंधन का हिस्सा होगी.

समाजवादी पार्टी के नेता मुलायम सिंह ने मीडिया को बताया कि राष्ट्रीय जनता दल और जनता दल (यू) गठबंधन के मुख्यमंत्री पद के दावेदार नीतीश कुमार होंगे.

उन्होंने ये भी कहा कि नीतीश कुमार का नाम का प्रस्ताव राजद नेता लालू यादव ने किया. मुलायम यादव की मध्यस्थता के बाद ही दोनों दलों के बीच बिहार में गठबंधन की घोषणा हुई है. इससे पहले दोनों दलों के बीच मतभेद होने की खबरें आई थीं.

राष्ट्रीय जनता दल के नेता लालू यादव ने कहा, "नीतीश कुमार के साथ कोई मतभेद नहीं है और ये गठबंधन सांप्रदायिक ताकतों को रोकने के लिए बना है."

'सीएम पद में दिलचस्पी नहीं'

लालू यादव ने स्पष्ट किया, "हम मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार नहीं हैं और राजद के साथ-साथ मेरे परिवार के किसी सदस्य की इस पद में कोई दिलचस्पी नहीं है."

इससे पहले नीतीश ने कहा कि राजद और जदयू के तीन-तीन सदस्यों की समिति मंगलवार को सीटों के बंटवारे पर चर्चा करेगी.

नीतीश कुमार, लालू प्रसाद
इमेज कैप्शन, नीतीश कुमार ने लालू प्रसाद से कोई मतभेद की बात ख़ारिज की.

बिहार में इस साल अक्तूबर-नवंबर में विधानसभा के चुनाव होने हैं.

कांग्रेस भी गठबंधन का हिस्सा

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि आगामी चुनावों में कांग्रेस भी राजद-जदयू गठजोड़ के साथ गठजोड़ का हिस्सा होगी.

नीतीश कुमार ने कहा कि कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी से कई मसलों पर बातचीत हुई. उन्होंने यह भी कहा कि लालू प्रसाद से कोई मतभेद नहीं है.

पत्रकारों के एक सवाल का जवाब देते हुए नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार का फ़ैसला बिहार की जनता करेगी.

हालांकि कांग्रेस और जदयू ने यह साफ़ कर दिया था कि वे नीतीश कुमार को ही मुख्यमंत्री पद के लिए सबसे उपयुक्त मानते हैं.

लालू ने कहा, "मुलायम सिंह यादव को हमने अधिकृत कर दिया है कि वो जो भी फैसला लेंगे उसे हम सभी और बिहार की जनता स्वीकार करेगी."

<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां <link type="page"><caption> क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> कर सकते हैं. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)</bold>