संसद में सत्ता पक्ष, विपक्ष में ज़ोर-आज़माइश

इमेज स्रोत, AFP AND REUTERS
जिन ख़बरों पर नज़र है उनमें आज शुरू हो रहा भारतीय संसद का मॉनसून सत्र, मैगी मामले पर सुनवाई और अमरीका में राष्ट्रपति चुनाव संबंधी गतिविधियों प्रमुख हैं.
संसद के सत्र में व्यापमं घोटाले और ललित मोदी की कथित मदद जैसे आरोपों में घिरी मोदी सरकार को विपक्ष के आक्रामक तेवर झेलने पड़ सकते हैं.
सोमवार को संसदीय कार्य मंत्री वैंकेया नायडू ने संकेत दिया था कि विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ललित मोदी की मदद के आरोप पर संसद में बयान दे सकती हैं.
उधर एनडीए के घटक दलों की बैठक में सहयोगी दलों ने सदन में सरकार को पूर्ण समर्थन का भरोसा दिलाया है.

इमेज स्रोत, PTI
भाजपा ने भी तय किया है कि वो विपक्ष के आक्रामक रुख़ का उसी अंदाज़ में जवाब देगी. ऐसे में मॉनसून सत्र में ख़ासा हंगामा होने के आसार हैं.
मैगी पर सुनवाई

इमेज स्रोत, AFP
आज भारतीय खाद्य संरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ़ इंडिया) मैगी नूडल्स पर बैन को लेकर बॉम्बे हाई कोर्ट में अपना पक्ष रखेगा.
नेस्ले इंडिया ने, मैगी पर भारत में लगाए गए बैन के ख़िलाफ़ बॉम्बे हाई कोर्ट में अपील दायर की है.
सोमवार को अदालत ने पूछा था कि क्या एफ़एसएसएआई को मैगी पर देशव्यापी बैन लगाने का अधिकार है.
पांच जून को मैगी पर ये बैन लगाया गया था.
एफ़एसएसएआई के मुताबिक़ मैगी नूडल्स में तय मात्रा से ज़्यादा लैड (सीसा) और एमएसजी पाए जाने के बाद बैन लगाया गया था.
बिहार बंद
वामपंथी दलों ने केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में बिहार बंद बुलाया है.
वामदलों का आरोप है कि नरेंद्र मोदी के शासनकाल में देश में भ्रष्टाचार और महंगाई बढ़ी है और सरकार की नीतियां किसान विरोधी और आम आदमी विरोधी हैं.
बंद बुलाने वाले दलों में सीपीआई, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी, और सीपीआई-एमएल (लिबरेशन) शामिल होंगी.
अमरीकी चुनाव उम्मीदवार

इमेज स्रोत, Reuters
अमरीका में ओहायो के गवर्नर जॉन केसिक, रिपब्लिकन पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार बनने की दौड़ में शामिल होने का ऐलान करेंगे.
नवंबर 2016 में होने वाले इन चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी की ओर से एक दर्ज़न से भी ज़्यादा उम्मीदवार अपना दावा पेश कर चुके हैं.
इनमें भारतीय मूल के बॉबी जिंदल भी शामिल हैं जो लुइज़ियाना के गवर्नर हैं.
इसके अलावा पूर्व राष्ट्रपति जॉर्ज बुश के भाई जेब बुश ने भी रिपब्लिकन पार्टी का उम्मीदवार बनने के लिए अपनी दावेदारी पेश की है.
<bold>(बीबीसी हिंदी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> कर सकते हैं. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)</bold>

























