तत्काल टिकट में पहचान पत्र से मुक्ति

इमेज स्रोत, AP
आज से भारतीय रेल गाड़ियों के तत्काल टिकट बुक करते वक़्त यात्रियों को अपने ख़ास पहचान पत्र के बारे में नहीं बताना होगा.
सामान्य टिकट की ही तरह यात्री तत्काल का टिकट भी बुक करा सकेंगे. यात्रा के दौरान अपनी पहचान साबित करने के लिए यात्रियों को सरकारी पहचान पत्र दिखाना होगा.
ऐसी शिकायतें थीं कि यात्री तत्काल टिकट बुक करने के समय दिए गए ख़ास पहचान पत्र को ना दिखा पाने की हालत में परेशान किए जा रहे था. आरोप थे कि रेल कर्मचारी किसी और सरकारी पहचान पत्र को स्वीकार करने से इनकार कर रहे थे.
नरेंद्र मोदी भागलपुर में

इमेज स्रोत, MANISH SHANDILYA
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बिहार के भागलपुर में अपनी चौथी ''परिवर्तन रैली'' को संबोधित करेंगे.
राष्ट्रीय जतना दल, जनता दल यूनाइटेड और कांग्रेस की पटना में साझा रैली के बाद यह मोदी की पहली रैली है.
इसके आलावा भारतीय जनगणना के उन आकंड़ों के जारी होने के बाद भी यह मोदी की पहली रैली होगी जिनमे कहा गया था कि भारत में हिंदुओं की आबादी में आंशिक गिरावट आई है पर मुसलमानों की जनसंख्या में आंशिक रूप से बढ़ी है.
भागलपुर में बड़ी तादाद में मुसलमान आबादी है और नीतीश के नेतृत्व वाला गठबंधन मुसलमानों के मतों को अपनी तरफ़ रखने के लिए ख़ास तौर पर मेहनत कर रहा है.
पाकिस्तान के राष्ट्रपति चीन में

इमेज स्रोत, AP
पाकिस्तान के राष्ट्रपति ममनून हुसैन आज चीन के लिए रवाना होंगे. चार दिनों की यात्रा के दौरान हुसैन चीन में दूसरे विश्व युद्ध की याद में हो रही एक ख़ास सैन्य परेड में भाग लेंगे.
हुसैन चीन में राष्ट्रपति शी जिनपिंग के अलावा कई और प्रमुख लोगों से भी मुलाक़ात करेंगे.
पाकिस्तान में चीन को अमरीका से ज़्यादा अहम साथी माना जाता है. चीन ने हाल ही में पाकिस्तान में अरबों डॉलर निवेश करने की घोषणाएं की हैं.
मारुती की हाईब्रिड कार
आज मारुती सुज़ुकी अपनी सियाज़ कार का हाईब्रिड वर्जन लांच करेगी. कंपनी का दावा है कि इस गाड़ी में अधिक माइलेज मिलेगा और इसमें एक स्टार्ट-स्टॉप सिस्टम भी लगा होगा.
गाड़ी में एक बड़ी बैटरी भी लगी होगी. सुज़ुकी की हाईब्रिड गाड़ी बनाने की यह पहली कोशिश है.
<bold>(बीबीसी हिन्दी के <link type="page"><caption> एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link>. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)</bold>

























